आरक्षण पर NDA में बवाल, चिराग-मांझी भिड़े: चिराग बोले- जीतन राम इस्तीफा दें, टारगेट पर UP के डिप्टी सीएम, जानिए बिहार का आरक्षण फॉर्मूला - Patna News

Published on 31 अग॰ 2026

आरक्षण के मुद्दे पर NDA के भीतर घमासान छिड़ गया है। सत्ताधारी दल के नेता ही इस मुद्दे पर आपस में भिड़ रहे हैं। मामला इतना बिगड़ गया है कि केंद्र सरकार में शामिल दो दलित नेता चिराग पासवान और जीतन राम मांझी एक दूसरे का इस्तीफा मांग रहे हैं।

.

दरअसल, इसकी शुरुआत बीजेपी के सीनियर लीडर और यूपी के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के जंतर-मंतर पर आरक्षण के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने के बाद हुई है। वह 22 अगस्त को आंदोलन कर रहे छात्रों से मिले थे। उन्होंने छात्रों की मांग को न्याय के अनुसार उचित बताते हुए, इसे केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने की बात कही थी। इसके बाद लगातार NDA के नेता इस मुद्दे पर एक दूसरे को टारगेट कर रहे हैं।

आरक्षण के मुद्दे पर चिराग पासवान और जीतन राम मांझी क्यों आपस में उलझ पड़े? NDA के नेताओं ने इसपर क्या कहा है? पढ़िए रिपोर्ट…।

चिराग के बहनोई ने पाठक को याद दिलाया, बहुजन के वोट से सांसद बने थे

चिराग पासवान के बहनोई और सांसद अरुण भारती ने ब्रजेश पाठक के इस बयान के बाद उन पर तीखा हमला बोला। कहा, भूलिए मत जब बसपा से सांसद बने थे तब बहुजन के वोट आपको मिले थे। आरक्षण हटाओ को आरक्षण सुधार बोलकर आप सिर्फ शब्दों का फेरबदल नहीं कर रहे हैं।’

चिराग VS मांझी, कैसे हुई जुबानी जंग?

जब तक राम विलास का बेटा है, कोई आरक्षण खत्म नहीं कर सकता- चिराग

इसके बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, ‘आरक्षण किसी को दी जाने वाली खैरात नहीं, संवैधानिक अधिकार है। जब तक राम विलास पासवान का बेटा मोदी सरकार का हिस्सा है, आरक्षण को दुनिया की कोई भी ताकत खत्म नहीं कर सकती।'

‘जो लोग समीक्षा या सुधार के नाम पर आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं, वे शायद यह नहीं समझते कि आरक्षण क्यों जरूरी है।’

हरियाणा-पंजाब की तरह बिहार में लागू हो आरक्षण- मांझी

चिराग पासवान का पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, 'आरक्षण की जो मौजूदा व्यवस्था है इसके तहत कुछ वर्ग के लोग बहुत ज्यादा उन्नति कर लिए हैं। इनके बाल-बच्चे भी आगे बढ़ गए हैं। साक्षरता का दर भी इनका बेहतर हो गया है। जो गरीब तबके के लोग हैं, उनकी साक्षरता दर बहुत कम है। वे नीचे के नीचे बने हुए हैं। इन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा है।’

चिराग का पलटवार- मांझी पहले बेटे के साथ इस्तीफा दें

आरक्षण में कोटा के भीतर कोटा की मांग पर चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी से सीधा इस्तीफे की मांग कर दी। कहा, ‘अगर वह आरक्षण में क्रीमी लेयर का कॉन्सेप्ट लागू करने की बात करते हैं तो उन्हें पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।'

मांझी के बेटे ने चिराग को जवाब दिया- हम इस्तीफा को तैयार, शुरुआत आप करें

चिराग के बयान पर जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने पलटवार किया। कहा, 'हम इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। मेरे छोटे भाई (चिराग पासवान) राजनीतिक रूप से तीसरी पीढ़ी (असल में दूसरी) से हैं तो शुरुआत वही करें। वे इस्तीफा देकर सामने आएं, हम भी उनके साथ इस्तीफा देने को तैयार हैं।’

’हम समीक्षा की बात कर रहे हैं। समीक्षा का अर्थ आरक्षण समाप्त करना नहीं है। समीक्षा का अर्थ है आंकड़ों के आधार पर यह देखना कि आरक्षण का लाभ सभी वंचित समुदायों तक समान रूप से पहुंचा या नहीं।’

अब NDA के अन्य सहयोगियों को सुनिए

राज्यपाल और सीएम के बेटे को आरक्षण की क्या जरूरत- राजभर

यूपी सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आरक्षण के मुद्दे पर कहा, 'बाबा साहब भीम राव अंबेडकर ने सामाजिक और शैक्षणिक तौर पर पिछड़े लोगों को आरक्षण देने की बात कही है। आज के समय में जो डीएम, एसपी, डीजीपी, राज्यपाल, सीएम हो गए हैं, उसके बेटा-बेटी को आरक्षण की क्या जरूरत है। किसके पक्षधर लोग हैं।’

समान अवसर मिलने तक आरक्षण जारी रहेगा- दीपक प्रकाश

बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा, 'आरक्षण लोगों का वाजिब हक है। अगर किसी व्यक्ति या समुदाय विशेष के साथ किसी तरह का अन्याय हुआ है तो उसकी भरपाई के लिए न्याय होना चाहिए।’