New Bike: बजाज ऑटो की नई पल्सर मोटरसाइकिल मस्कुलर डिजाइन, प्रीमियम स्टाइलिंग और आधुनिक फीचर्स से लैस होगी। इसे 12 अगस्त को लॉन्च किया जा सकता है।
नई बजाज पल्सर का पहला टीजर आउट
- Published: 31 Jul 2026, 06:55 PM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 06:55 PM IST
New Bike: बजाज ऑटो ने अपकमिंग पल्सर मोटरसाइकिल का पहला टीजर जारी कर दिया है। टीजर में "Twist Into an All New Rush" टैगलाइन का इस्तेमाल किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी जल्द ही पूरी तरह नए मॉडल से पर्दा उठाने वाली है। वीडियो में बाइक को कवर से ढका दिखाया गया है, लेकिन इसका मस्कुलर सिल्हूट साफ तौर पर नजर आता है। फिलहाल कंपनी ने मॉडल के नाम का खुलासा नहीं किया है और यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि यह नई पल्सर 125 होगी या पल्सर 150 बाइक।
टीजर से मिले संकेत
टीजर में दिखाई गई बाइक का डिजाइन हाल ही में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किए गए मॉडल से काफी मेल खाता है। इसमें बड़ा फ्रंट काउल, ज्यादा मस्कुलर फ्यूल टैंक, नए बॉडी पैनल और दमदार रोड प्रेजेंस देखने को मिलती है। इसके अलावा लंबी सीट और सीधा राइडिंग स्टांस भी पहले सामने आई टेस्ट बाइक जैसा ही नजर आता है।
हालांकि, बाइक का अधिकांश हिस्सा अभी भी कवर से ढका हुआ है, इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह नई पीढ़ी की Pulsar 125 है या Pulsar 150।
संभावित फीचर्स
स्पाई तस्वीरों के अनुसार, नई Pulsar में पूरी तरह नया फ्रंट फेसिया, बड़े टैंक एक्सटेंशन, नए साइड पैनल और साइड-स्लंग एग्जॉस्ट दिया जा सकता है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक यूनिट मिलने की संभावना है। इसके अलावा अलॉय व्हील्स, फ्रंट डिस्क ब्रेक और स्प्लिट-सीट सेटअप भी देखने को मिल सकता है।
डिजाइन और टेक्नोलॉजी
अगली पीढ़ी की Pulsar 125 और Pulsar 150 में ब्रांड की पहचान बने मस्कुलर डिजाइन को बरकरार रखते हुए कई बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। इनमें शार्प बॉडीवर्क, नए LED लाइटिंग एलिमेंट्स और पहले से अधिक प्रीमियम स्टाइलिंग मिलने की उम्मीद है।
फीचर्स की बात करें तो बाइक में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और मैसेज अलर्ट के साथ नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। इसके अलावा बेहतर राइड क्वालिटी, अधिक माइलेज और कम NVH (Noise, Vibration and Harshness) के लिए कंपनी चेसिस और इंजन में भी बदलाव कर सकती है।
Bajaj Auto अपनी इस नई Pulsar से 12 अगस्त को आधिकारिक तौर पर पर्दा उठाएगी, जिसके बाद इसके सभी फीचर्स, इंजन और कीमत की जानकारी सामने आएगी।
(मंजू कुमारी)