जापान में हाल ही में संपन्न हुए एशियन गेम्स 2026 में दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अक्टूबर को गोल्ड मेडल विजेता पूरी भारतीय क्रिकेट टीम से मुलाकात करेंगे और उनकी इस सफलता का जश्न मनाएंगे.
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को धूल चटाकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का खिताब अपने नाम किया था. पीएम नरेंद्र मोदी अपने आवास पर शाम को साढ़े 4 बजे गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से मिलेंगे.
एशियन गेम्स में भारतीय टीम का सफर बेहद शानदार रहा, जहां उन्होंने नॉकआउट दौर में विरोधी टीमों पर पूरी तरह से अपना दबदबा बनाए रखा. 1 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 169/7 रन बनाए, जिसमें ईशान किशन की नाबाद 80 रनों की तूफानी पारी और वैभव सूर्यवंशी के 38 रन शामिल थे.
सम्बंधित ख़बरें
इसके जवाब में उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम महज 45 रनों पर ढेर हो गई. अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट झटककर भारत को 124 रनों से बड़ी जीत दिलाई.
3 अक्टूबर को खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 211/6 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 61 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा (नाबाद 51) और शिवम दुबे (27) ने तूफानी पारियां खेलीं.
𝗚𝗢𝗟𝗗 𝗠𝗘𝗗𝗔𝗟𝗟𝗜𝗦𝗧𝗦 𝗔𝗚𝗔𝗜𝗡 🥇 Congratulations #TeamIndia for successfully defending the Asian Games Gold Medal 👏👏 Scorecard ▶️ https://t.co/g4wzZagyGj #AsianGames https://t.co/sg7z4dhUzH
— BCCI (@BCCI) October 3, 2026
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की तरफ से हसन नवाज ने संघर्ष जरूर किया और 96 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंत में दबाव बनाते हुए पाकिस्तान को 192/6 पर रोक दिया और 19 रनों से मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम की इस शानदार जीत पर पहले ही सोशल मीडिया के जरिए अपनी शुभकामनाएं दी थीं, लेकिन अब 15 अक्टूबर को प्रधानमंत्री खुद इन सभी होनहार खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाएंगे.
क्रिकेटर के अलावा एशियन गेम्स में अन्य खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों से भी पीएम मोदी मुलाकात करेंगे. बता दें कि इची-नागोया में हुए एशियन गेम्स में भारत ने कुल 85 मेडल जीते. इनमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल हैं. भारत मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
