Updated: Wednesday, August 12, 2026, 12:01 [IST]
Prashant Kishor Promises 10000 Jobs: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर यानी PK ने बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि बांकीपुर क्षेत्र के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाई जाएगी। हालांकि उन्होंने सरकारी नौकरी का वादा नहीं किया है। पीके ने कहा है कि बेरोजगार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए उन्होंने इलाके के परिवारों से युवाओं के सीवी और बायोडेटा मांगे हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव के दौरान जन सुराज पार्टी ने नौकरी देने का वादा नहीं किया था, लेकिन विधायक बनने के बाद उनका पहला काम रोजगार के लिए प्रयास करना होगा। उनका लक्ष्य अगले एक-दो साल में करीब 10 हजार परिवारों के बच्चों को नौकरी दिलाने का है। इसके लिए वह अपने पुराने संपर्कों का इस्तेमाल करेंगे और कंपनियों-फैक्ट्रियों में युवाओं के लिए रोजगार तलाशेंगे।
विधायक बनते ही रोजगार का ऐलान
प्रशांत किशोर ने 11 अगस्त से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। वह वार्ड-वार्ड जाकर लोगों से मिल रहे हैं और उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। पहले दिन की जनसभा में उन्होंने बेरोजगार युवाओं को लेकर यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी परिवार का बच्चा पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में है तो उसका सीवी या बायोडेटा उनके कार्यालय में भेजा जाए।
ये भी पढ़ें: Prashant Kishor Criminal Cases: बांकीपुर में BJP का किला ढहाने वाले प्रशांत पर 8 क्रिमिनल केस, कितनी संपत्ति?
प्रशांत किशोर ने साफ किया कि वह सरकारी नौकरी देने का दावा नहीं कर रहे हैं। उनका प्रयास प्राइवेट कंपनियों, ऑफिस और फैक्ट्रियों में युवाओं को नौकरी दिलाने का होगा। उनके मुताबिक, इससे बेरोजगार युवाओं को कमाई का एक जरिया मिलेगा और वे अपने परिवार का खर्च चलाने में मदद कर सकेंगे।
10 हजार युवाओं को नौकरी का लक्ष्य
प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका लक्ष्य अगले एक से दो साल में 10 हजार परिवारों के बच्चों को रोजगार दिलाना है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर बिहार का ऐसा विधानसभा क्षेत्र बनेगा, जहां सबसे ज्यादा नौकरियां दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीवन में उन्होंने जो संपर्क बनाए हैं, उनका इस्तेमाल अब युवाओं के रोजगार के लिए किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने यह भी स्पष्ट किया कि शुरुआती दौर में युवाओं को नौकरी के लिए बिहार से बाहर जाना पड़ सकता है। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल बिहार में जन सुराज पार्टी की सरकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जब बिहार में जन सुराज की सरकार बनेगी, तब राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिहार में ही रोजगार के अवसर तैयार करने की कोशिश की जाएगी।
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के लोगों के लिए कई दूसरे मुद्दों पर भी काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को पढ़ाई, रोजगार, 1100 रुपये पेंशन और मुफ्त अनाज दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।
इसके अलावा पेयजल और साफ-सफाई जैसी समस्याओं को भी सरकार के साथ मिलकर दूर करने की बात उन्होंने कही। उन्होंने माना कि इन कामों को पूरा करने में थोड़ा समय लग सकता है।
भाजपा के गढ़ में मिली जीत
प्रशांत किशोर ने हाल ही में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। बांकीपुर को करीब तीन दशक से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में यहां से प्रशांत किशोर की जीत ने बिहार की राजनीति में काफी चर्चा बटोरी। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने बांकीपुर को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का भी वादा किया है। अब विधायक बनने के बाद रोजगार को लेकर उनका यह पहला बड़ा ऐलान है, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को अपने संपर्क के जरिए प्राइवेट नौकरी दिलाने की बात कही है।
ये भी पढ़ें: 'नीतीश होते तो बांकीपुर में हार नहीं होती, जनता को लगा उन्हें जबरन हटाया गया', PK के जीत पर बोले अनंत सिंह