नेपाल में हिंसा के बाद भारी तनाव: तीन जिलों में कर्फ्यू लागू, PM बालेंद्र शाह ने बुलाई आपात बैठक; भारत सीमा पर भी हाई अलर्ट

Published on 30 जुल॰ 2026

दुनिया

  • Edited by: मोनू झा
  • Updated Jul 30, 2026, 06:48 PM IST

Nepal Curfew: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद तनाव बढ़ गया है। हिंसा में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद प्रशासन ने मधेस प्रदेश के धनुषा और सिरहा जिलों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है।

Image

भारत सीमा पर भी हाई अलर्ट

Photo :

ANI

Nepal Curfew: नेपाल में भारत की सीमा से सटे सुनसरी जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद स्थिति गंभीर बनी हुई है। क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा खतरों और तनाव को देखते हुए अधिकारियों ने मधेस प्रदेश के धनुषा और सिरहा जिलों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। यह कदम सुनसरी के कप्तानगंज इलाके में दो धार्मिक समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद उठाया गया है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और सुरक्षाकर्मियों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

धनुषा के सहायक प्रमुख जिला अधिकारी भूदेव झा के अनुसार, स्थिति को अनियंत्रित होने से रोकने के लिए जनकपुर, लक्ष्मिनिया हाटबाजार, बेलौनी रोड, नगराइन नगरपालिका और दूधमती पुल सहित कई इलाकों में दोपहर 3:30 बजे से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू किया गया है। वहीं, सिरहा जिले के पूर्व-पश्चिम राजमार्ग स्थित गोलबाजार क्षेत्र में भी प्रशासन ने दोपहर 2 बजे से आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

सुनसरी जिले में सोमवार को लगा था कर्फ्यू

सुनसरी जिले में सोमवार को लगाया गया कर्फ्यू अब और बढ़ा दिया गया है। प्रशासन ने पूर्व-पश्चिम राजमार्ग समेत करीब दस संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सहायक प्रमुख जिला अधिकारी पोषण लामिछाने ने बताया कि फिलहाल स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर किसी भी तरह के जुलूस, प्रदर्शन, सभा या भीड़ इकट्ठा करने पर सख्त मनाही है।

कई सांसदों ने संसद में उठाया मुद्दा

इस हिंसा का असर नेपाल की राजनीति पर भी दिख रहा है। नेपाली कांग्रेस की बासना थापा और श्रम संस्कृति पार्टी के ओरेन राय सहित कई सांसदों ने नेपाल की संसद में इस मुद्दे को उठाया और सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने देश की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की तत्काल बैठक बुलाई है। उल्लेखनीय है कि सुनसरी जिला भारत के बिहार राज्य की सीमा से सटा हुआ है और यह दोनों देशों के बीच व्यापार का एक मुख्य केंद्र है। ऐसे में सीमावर्ती इलाके में तनाव को देखते हुए दोनों देशों के सुरक्षा बल भी पूरी चौकसी बरत रहे हैं।

monu jha

मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • World

End of Article