Published: Sunday, August 9, 2026, 13:53 [IST]
Kosovo Parliament Protest: कोसोवो की संसद में शनिवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब विपक्षी सांसद टाइम काद्रिजाज ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती पर कई अंडे फेंक दिए। अंडे फेंकने से पहले सांसद ने कुर्ती पर जमकर नाराजगी जताई और कहा- "तुम्हें शर्म आनी चाहिए।" दरअसल, कोसोवो में नई सरकार और संस्थाओं के गठन को लेकर राजनीतिक गतिरोध बना हुआ है।
कुर्ती विपक्ष से बातचीत कर रहे थे, लेकिन राष्ट्रपति के चुनाव और संसद के गठन को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। ऐसे में सवाल है कि एल्बिन कुर्ती कौन हैं और विपक्ष उनसे इतना नाराज क्यों है?
कौन हैं एल्बिन कुर्ती?
एल्बिन कुर्ती कोसोवो के प्रमुख राजनेता और वेटेवेंडोसजे पार्टी के नेता हैं। वह कोसोवो के कार्यवाहक प्रधानमंत्री के तौर पर सत्ता संभाल रहे हैं। 7 जून के संसदीय चुनाव में उनकी पार्टी ने 120 में से 53 सीटें जीतीं। हालांकि, यह आंकड़ा अकेले सरकार बनाने के लिए पर्याप्त नहीं है। कुर्ती को जातीय अल्पसंख्यक सांसदों के समर्थन की जरूरत है। इसी राजनीतिक समीकरण के चलते वह विपक्षी दलों से लगातार बातचीत कर रहे हैं।
क्यों फेंके गए कुर्ती पर अंडे?
अंडे फेंकने की घटना के पीछे कोसोवो का गहराता राजनीतिक संकट है। कुर्ती नई संस्थाओं के गठन और राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बातचीत लगातार अटक रही है। विपक्षी सांसद टाइम काद्रिजाज इसी गतिरोध और कुर्ती की राजनीतिक रणनीति से नाराज बताई गईं। उन्होंने कुर्ती के पास जाकर कई अंडे फेंके और चिल्लाकर कहा- "आपको शर्म आनी चाहिए।" इसके बाद संसद में अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें: UPI MDR Charges: मुफ्त UPI पेमेंट का जमाना होने वाला है खत्म? संसद में संशोधन विधेयक पेश
राष्ट्रपति चुनाव बना सबसे बड़ा मुद्दा
कोसोवो में सरकार बनाने के साथ-साथ राष्ट्रपति का चुनाव भी बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। राष्ट्रपति चुनने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है, जबकि कुर्ती की पार्टी के पास अकेले इतना समर्थन नहीं है। विपक्ष के साथ कई दिनों से बातचीत के बावजूद किसी उम्मीदवार के नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। संसद के स्पीकर को चुनने की संवैधानिक समय-सीमा भी शुक्रवार को खत्म हो गई। इससे राजनीतिक संकट और गहरा गया है।
ये भी पढे़ं: 'Rahul Gandhi ने किसी का मर्डर किया', Kiren Rijiju ने क्यों कहा? संसद में गरमाई बहस की पूरी कहानी
कोसोवो में क्यों बना हुआ है संकट?
कोसोवो पिछले दो साल से ज्यादा समय में तीन चुनाव देख चुका है। फरवरी 2025 का चुनाव बेनतीजा रहा था, जबकि दिसंबर के चुनाव में कुर्ती ने जातीय अल्पसंख्यक सांसदों के साथ बहुमत बनाया था। जून के अचानक हुए चुनाव में उनकी पार्टी का वोट शेयर 51% से घटकर 43% हो गया। इसके बावजूद सहयोगी दलों के साथ उनका बहुमत कायम रहा। 1998-99 के युद्ध के बाद कोसोवो ने 2008 में सर्बिया से आजादी घोषित की थी, जिसे अमेरिका और यूरोपीय संघ के ज्यादातर देशों ने मान्यता दी है।