PM मोदी के साथ महिला की AI-मॉर्फ तस्वीरों पर दिल्ली HC सख्त, Meta को 24 घंटे में कंटेंट हटाने का निर्देश

Published on 25 सित॰ 2026

PM मोदी के साथ महिला की AI-मॉर्फ तस्वीरों पर दिल्ली HC सख्त, Meta को 24 घंटे में कंटेंट हटाने का निर्देश

दिल्ली हाईकोर्ट का Meta को निर्देशImage Credit source: PTI/Getty Images

दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को एक महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए मेटा (Meta) को आदेश दिया है कि वो सोशल मीडिया और वेबसाइट से आपत्तिजनक तस्वीरों और वेबलिंक को 24 घंटे मे हटाए. हाईकोर्ट ने पीड़ित महिला को पुलिस सुरक्षा भी देने का आदेश दिया है. हाईकोर्ट ने पीड़िता की याचिका पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया और दिल्ली पुलिस से दो हफ्ते में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया. वहीं, हाईकोर्ट ने CJP एक्टिविस्ट सौरव दास, अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और रत्ना सिंह को भी नोटिस जारी किया है.

दरअसल, पीड़ित महिला ने चारों पर PM नरेंद्र मोदी के साथ उसकी AI से बनी तस्वीरों को मॉर्फ करके सर्कुलेट करने का आरोप लगाया है. वहीं, दिल्ली पुलिस की ओर से कोर्ट को बताया गया कि मामले में FIR पहले ही दर्ज हो चुकी है और महिला अब इन तस्वीरों को हटाने की मांग कर रही है. महिला का दावा है कि कथित तस्वीर को बैनर पर लगाया गया और प्रदर्शन के दौरान इसका इस्तेमाल किया गया. इसके बाद तस्वीर और इससे जुड़ा कंटेंट सोशल मीडिया पर शेयर किया गया.

पीड़िता ने की पुलिस सिक्योरिटी की मांग

महिला ने अपनी याचिका में संबंधित कंटेंट को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और दूसरी वेबसाइट्स से हटाने, उसके आगे सर्कुलेशन को रोकने और साथ ही पुलिस सिक्योरिटी देने की मांग की है. महिला ने आरोप लगाया कि उसे धमकियां मिल रही हैं.

HC ने मामले को बताया गंभीर

सुनवाई के दौरान जस्टिस गिरीश कथपालिया ने मामले को गंभीर बताया और कहा कि यह मामला सिर्फ एक महिला तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के प्रधानमंत्री से भी जुड़ा है. इसलिए कोर्ट ने मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया. हालांकि फिलहाल मामले में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और कोर्ट ने किसी भी पक्ष के आरोपों पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है. अब दिल्ली हाईकोर्ट इस मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर को करेगा.

ये भी पढ़ें: एक जज से भी ज्यादा प्रोटेक्शन, इस वक्त कितने ताकतवर हैं CEC ज्ञानेश कुमार?

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button