Published: Tuesday, July 28, 2026, 16:24 [IST]
PM Modi Facebook Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आधिकारिक फेसबुक वीडियो अचानक प्लेटफॉर्म से गायब होने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। हालांकि, Meta ने अब स्पष्ट किया है कि वीडियो किसी कंटेंट पॉलिसी के उल्लंघन की वजह से नहीं, बल्कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलती से हटा था और उसे दोबारा रीस्टोर कर दिया गया है।
यह वीडियो 23 जुलाई को पोस्ट किया गया था, जिसमें पीएम मोदी ने NEET UG पेपर लीक मामले पर छात्रों को संबोधित करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, फास्ट ट्रैक कोर्ट और परीक्षा व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिया था। इस बीच, Meta के अधिकारियों को तलब किए जाने की खबरों ने इस पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है।
PM Modi Meta issue: तकनीकी गड़बड़ी बनी वीडियो हटने की वजह
Meta ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो गलती से हट गया था। कंपनी के मुताबिक, यह किसी कम्युनिटी स्टैंडर्ड के उल्लंघन का मामला नहीं था, बल्कि एक तकनीकी त्रुटि के कारण वीडियो अस्थायी रूप से फेसबुक से हट गया। बाद में समीक्षा के दौरान गलती का पता चलने पर वीडियो को तुरंत बहाल कर दिया गया। Meta का कहना है कि उसकी टीम ऐसे मामलों की लगातार निगरानी करती है ताकि गलत तरीके से हटाए गए कंटेंट को जल्द से जल्द रीस्टोर किया जा सके।

ये भी पढ़ें: 'मेरा इस्तीफा स्वीकार करें', Dharmendra Pradhan के इस्तीफे के बाद PM Modi पर IAS का तंज, 7 साल से अटका रिजाइन
PM मोदी ने छात्रों को क्या संदेश दिया था?
23 जुलाई को जारी करीब 2.56 मिनट के वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने NEET UG पेपर लीक को लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए पीड़ादायक बताया था। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई महीनों में सरकार ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है और 22 लाख छात्रों की परीक्षा दोबारा कराकर समय पर परिणाम भी जारी किया गया। साथ ही उन्होंने पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश देने की भी जानकारी दी थी।
सरकार ने Meta अधिकारियों को तलब करने की तैयारी की
वीडियो हटने के बाद मामला केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय (MeitY) ने Meta के ग्लोबल हेड और कंपनी के ग्लोबल पब्लिक पॉलिसी हेड को तलब किया है। हालांकि इस पर सरकार की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि सरकार इस बात की जानकारी चाहती है कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट किया गया वीडियो आखिर किन परिस्थितियों में हटाया गया।
ये भी पढे़ं: PM Modi कैबिनेट का दूसरा बड़ा विकेट गिराने की तैयारी, CJP के बाद E20 Janta Party का महासंग्राम
Meta का कंटेंट मॉडरेशन सिस्टम कैसे करता है काम?
Meta अपने प्लेटफॉर्म पर अपलोड होने वाले कंटेंट की शुरुआती जांच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से करता है। AI संदिग्ध वीडियो, फोटो या पोस्ट की पहचान कर उन्हें समीक्षा के लिए फ्लैग करता है। इसके बाद जरूरत पड़ने पर मानव मॉडरेटर उस कंटेंट की जांच करते हैं। यदि कंटेंट कंपनी के कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन करता है तो उसे हटाया जाता है। वहीं, अगर समीक्षा में पता चलता है कि कंटेंट गलती से हटाया गया था, तो उसे दोबारा प्लेटफॉर्म पर रीस्टोर कर दिया जाता है।