डबल हुआ मुनाफा तो रॉकेट की तरह दौड़ा यह शेयर, चेक करें टारगेट प्राइस
Jul 30, 2026 03:23 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए ₹1,000 करोड़ तक फंड जुटाने को मंजूरी दी
- इसके बाद शेयर 10% से ज्यादा चढ़ गया
- इस दौरान शेयर 1,468.95 रुपये तक पहुंच गया

सिरमा SGS टेक्नोलॉजी के शेयर गुरुवार को डिमांड में थे
Syrma SGS Tech result: शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी- सिरमा SGS टेक्नोलॉजी के शेयर गुरुवार को डिमांड में थे। सप्ताह के चौथे दिन यह शेयर 10% से ज्यादा चढ़ गया। इस दौरान शेयर 1,468.95 रुपये तक पहुंच गया। शेयर में यह तूफानी तेजी ऐसे समय आई जब कंपनी ने जून तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। आइए डिटेल जान लेते हैं।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विस कंपनी ने जून तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए ₹1,000 करोड़ तक फंड जुटाने को मंजूरी दी। कंपनी ने ऑपरेशन्स से होने वाले रेवेन्यू में सालाना आधार पर 68% की बढ़ोतरी दर्ज की और यह ₹1,589 करोड़ रहा। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट एक साल पहले के ₹50 करोड़ से दोगुना होकर ₹100 करोड़ हो गया। एबिटा की बात करें तो सालाना आधार पर 85% बढ़कर ₹161 करोड़ हो गया जबकि एबिटा मार्जिन एक साल पहले के 9.2% से बढ़कर 10.1% हो गया।
ग्रोथ की वजह क्या है?
सिरमा SGS टेक्नोलॉजी ने कहा कि तिमाही के दौरान ग्रोथ उसके ऑटोमोटिव, कंज्यूमर और एक्सपोर्ट बिजनेस में लगातार मजबूती की वजह से हुई। कंपनी ने अपने प्रोडक्ट मिक्स में बदलाव की भी जानकारी दी, जिसमें इंडस्ट्रियल का हिस्सा एक साल पहले के 30% से घटकर 24% हो गया जबकि IT और रेलवे का हिस्सा 5% से बढ़कर 9% हो गया और ऑटोमोटिव का हिस्सा 23% से बढ़कर 25% हो गया।
मैनेजिंग डायरेक्टर J.S. गुजराल ने FY27 के लिए कंपनी के ₹1500 करोड़ के एक्सपोर्ट रेवेन्यू और 10.5% के एबिटा मार्जिन के अनुमान को भी दोहराया। गुजराल ने कहा कि हमें डिमांड में कमी का कोई संकेत नहीं दिख रहा है। डिमांड मजबूत बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि सप्लाई चेन में रुकावटों की वजह से इम्पोर्ट किए गए पार्ट्स की डिलीवरी में अधिक समय लग रहा है।
₹1000 करोड़ जुटाने की योजना
सिरमा SGS टेक्नोलॉजी के बोर्ड ने QIP या दूसरे मंजूर तरीकों से ₹1000 करोड़ तक जुटाने को मंजूरी दी।कंपनी ने कहा कि वह FY27 के अपने ग्रोथ लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और अपने मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। जून तिमाही के आखिर में कुल कर्ज बढ़कर ₹686 करोड़ हो गया, जो पिछली तिमाही में ₹353 करोड़ था।
ब्रोकरेज ने दिया ये टारगेट प्राइस
ब्रोकरेज HSBC ने सिरमा SGS टेक्नोलॉजी के शेयर पर अपनी 'Buy' रेटिंग बनाए रखी और ₹1750 का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी की 68% रेवेन्यू ग्रोथ उसके 46% के अनुमान से कहीं अधिक थी। ब्रोकरेज ने बताया कि नए कस्टमर की जरूरतों को पूरा करने और सप्लाई चेन के रिस्क को कम करने के लिए कंपनी ने ज्यादा स्ट्रैटेजिक इन्वेंट्री बनाई।
