स्कॉर्पियो-कार की भिड़ंत, महिला कृषि अधिकारी और एडवोकेट की मौत: पिता-पुत्र रिटायरमेंट का निमंत्रण देकर लौट रहे थे, लिफ्ट लेकर बैठी थी युवती - Degana News

Published on 30 जुल॰ 2026

नागौर के डेगाना में स्कॉर्पियो और वैगनआर कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार महिला कृषि पर्यवेक्षक (Agriculture Supervisor) और एडवोकेट की मौत हो गई। वहीं एडवोकेट के पिता सहायक कृषि अधिकारी (AAO) घायल हो गए।

.

हादसा गुरुवार शाम करीब 4 बजे पादू कलां थाना इलाके में पालियास गांव के पास नेशनल हाईवे-458 पर हुआ। एडवोकेट अपने पिता के साथ उनके ऑफिस से घर लौट रहे थे। महिला कृषि पर्यवेक्षक का घर बीच रास्ते में होने के कारण उन्होंने वहां तक के लिए लिफ्ट ली थी।

रिटायरमेंट फंक्शन का इन्विटेशन देने गए थे

पादू कलां थाने के SI शिवरतन ने बताया- हादसे में रियांबड़ी निवासी कृषि पर्यवेक्षक सुशीला माली (29) और जेसास निवासी एडवोकेट भवानी सिंह (33) की मौत हुई है। वहीं भवानी के पिता AAO नंदसिंह घायल हुए हैं।

नंदसिंह की ड्यूटी ईडवा गांव में थी। उनका 31 जुलाई को रिटायरमेंट है। एक अगस्त को उन्होंने रिटायरमेंट का फंक्शन रखा था। वे बेटे भवानी के साथ ईडवा में साथियों को रिटायरमेंट के फंक्शन का निमंत्रण देने और कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए आए थे।

जब वे लौट रहे थे तो ऑफिस में ही मौजूद सुशीला ने उनसे कहा कि मेरा घर आपके रास्ते में ही पड़ेगा, मुझे वहां छोड़ देना। सुशीला की ड्यूटी पूंदलोता में थी। वह आज विभाग के काम से ईडवा आई थीं।

तीनों ईडवा से स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। इसी दौरान पालियास गांव के पास स्वागत होटल के सामने रॉन्ग साइड से आ रही वैगनआर कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

हादसे में स्कॉर्पियो का साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में स्कॉर्पियो का साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो सवार तीनों घायलों को ईडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उप जिला अस्पताल डेगाना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सुशीला और भवानी की मौत हो गई। नंदसिंह को हादसे में मामूली चोट आई थी। उनका भी डेगाना अस्पताल में इलाज किया गया।

वैगनआर का आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

वैगनआर का आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

कार में सवार लोग फरार

इस बीच वैगनआर में सवार लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर पादू कलां थाना पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया। दोनों वाहनों को हाईवे से साइड करवाया।

सुशीला माली 2021 में कृषि पर्यवेक्षक बनी थीं। सुशीला के पिता किसान हैं। उसके एक छोटा भाई और दो बहनें हैं। सुशीला की शादी नहीं हुई थी। वहीं भवानी सिंह अजमेर में वकालत करते थे। भवानी सिंह अपने पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी एक बहन है। भवानी की शादी ब्यावर के बाबरा गांव में हुई थी। उनके 5 साल की बेटी है।

……

ये खबर भी पढ़ें…

स्कॉर्पियो पर लिखा- मौत का सामान, 20 लाख का डिब्बा:क्रेन से 20 फीट हवा में लटकाई गाड़ी; एक्सीडेंट में गई थी बिजनेसमैन की जान

झुंझुनूं में 20 जुलाई को एक्सीडेंट में बिजनेसमैन की मौत हो गई थी। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे, लेकिन एयरबैग्स नहीं खुले थे। बुधवार को बिजनेसमैन के परिजन और दोस्त महिंद्रा के शोरूम पहुंचे और हंगामा कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें….)