मारुति सुजुकी के प्रॉफिट में बड़ी गिरावट, मार्केट शेयर में आया उछाल
Jul 31, 2026 07:02 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान कंपनी के मुनाफे में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई और यह घटकर 3,446.9 करोड़ रुपये रहा
- मारुति सुजुकी ने बताया कि घरेलू मार्केट में उसकी हिस्सेदारी 2.3 प्रतिशत बढ़कर 41.2% हो गई

मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं
कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून के दौरान कंपनी के मुनाफे में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई और यह घटकर 3,446.9 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3,792.4 करोड़ रुपये था। बता दें कि कच्चे माल की लागत समेत कुल खर्च बढ़ने से कंपनी के मुनाफे पर दबाव पड़ा।
आय और खर्च के आंकड़े
कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में परिचालन आय 35.9 प्रतिशत बढ़कर 52,469.8 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 38,605.2 करोड़ रुपये थी। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 50,000.3 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 35,585.4 करोड़ रुपये था। एबिटा की बात करें तो यह घटकर 4,313 करोड़ रुपये हो गया जबकि EBITDA मार्जिन पिछले साल की तिमाही के 11.6% से घटकर 8.9% रह गया।
जून तिमाही के नतीजे मारुति सुजुकी द्वारा अगस्त 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा के ठीक एक हफ्ते बाद आए हैं। कंपनी ने कहा था कि लगातार महंगाई के दबाव और लागत के मुश्किल माहौल ने उसकी लागत-बचत मार्जिन के फायदों को कम कर दिया है, जिससे उसे ज्यादा इनपुट कॉस्ट का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना पड़ा। कच्चे माल की लागत 45.9% बढ़कर 32,013 करोड़ रुपये हो गई जबकि कर्मचारियों के फायदे और अन्य खर्च क्रमशः 20.3% और 17.7% बढ़े।
मार्केट शेयर बढ़कर 41.2% हुआ
जून तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री की मात्रा में साल-दर-साल 29.3% की बढ़ोतरी हुई। छोटी कारों की घरेलू बिक्री 34.1% बढ़ी जबकि SUV की बिक्री में 44.6% की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। इस तिमाही में एक्सपोर्ट में भी 28.6% की अच्छी बढ़ोतरी हुई। मारुति सुजुकी ने बताया कि घरेलू मार्केट में उसकी हिस्सेदारी 2.3 प्रतिशत बढ़कर 41.2% हो गई। खर्खोदा में कंपनी के दूसरे मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शुरू होने से बिक्री बढ़ाने में मदद मिली। बिक्री में जबरदस्त तेजी के बावजूद तिमाही के आखिर में डीलर इन्वेंट्री लगभग 13 दिनों के अच्छे स्तर पर बनी रही।
शेयर का परफॉर्मेंस
कंपनी के शेयर की बात करें तो शुक्रवार को 14239.40 रुपये पर बंद हुआ। एक दिन पहले के मुकाबले मामूली बढ़त देखी गई। बता दें कि शेयर इंट्रा-डे के दौरान 14,341.30 रुपये तक गया था।
