बिहार की मशहूर पारंपरिक मिठाई चंद्रकला को अब आप आसानी से अपने घर की रसोई में तैयार कर सकते हैं। मावे, ड्राई फ्रूट्स और हल्की चाशनी के मेल से बनी यह खस्ता मिठाई किसी भी खास मौके का स्वाद दोगुना कर देती है।
Chandrakala Sweet Recipe : अगर आपको मीठा पसंद है और आप कुछ अलग और पारंपरिक बनाने की सोच रहे हैं, तो चंद्रकला एक बेहतरीन विकल्प है।
बाहर से खस्ता और अंदर से मावे व मेवों से भरी यह मिठाई स्वाद के मामले में बहुत खास होती है।
दिखने में यह काफी हद तक गुजिया से मिलती-जुलती है, लेकिन इसका गोल आकार और बनाने का तरीका इसे एक अलग पहचान देता है।
अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। सही नाप और आसान स्टेप्स की मदद से आप इसे घर पर ही हलवाई जैसा परफेक्ट रूप दे सकते हैं।
चंद्रकला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
स्वादिष्ट चंद्रकला तैयार करने के लिए आपको नीचे दी गई चीजों की जरूरत होगी:
- मैदा: 300 ग्राम
- खोया (मावा): 150 ग्राम
- सूजी: 70 ग्राम
- चीनी: 3 कप (चाशनी और भरावन के लिए)
- घी: 3 चम्मच (मोयन के लिए)
- इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- कद्दूकस किया नारियल: 2 चम्मच
- बादाम पाउडर: 2 चम्मच
- तेल या घी: तलने के लिए
चंद्रकला बनाने की आसान विधि
1. भरावन (Stuffing) तैयार करें
सब्स पहले एक कढ़ाई में सूजी और खोया को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
जब यह ठंडा हो जाए, तो इसमें बादाम पाउडर, कद्दूकस किया नारियल, थोड़ी सी चीनी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। आपकी स्टफिंग तैयार है।
2. आटा गूंथें
एक बर्तन में मैदा लें और उसमें 3 चम्मच घी डालकर मोयन तैयार करें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए आटा गूंथ लें।
ध्यान रखें कि आटा न तो बहुत सख्त हो और न ही बहुत मुलायम। गूंथे हुए आटे को गीले कपड़े से ढककर 15 मिनट के लिए रख दें।
3. आकार दें और शेप बनाएं
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पूरी की तरह बेल लें। अब एक पूरी के बीच में तैयार किया गया मावा मिश्रण रखें।
दूसरी पूरी को इसके ऊपर रखें और किनारों को हल्का पानी लगाकर आपस में चिपका दें। अब किनारों को हाथ से मोड़ते हुए एक सुंदर डिजाइन (चंद्रकला शेप) दें।
4. फ्राई करें और चाशनी में डुबोएं
कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें। तैयार चंद्रकला को धीमी आंच पर तब तक तलें जब तक वह दोनों तरफ से सुनहरी और क्रिस्पी न हो जाए।
दूसरी तरफ, चीनी और पानी मिलाकर एक तार की चाशनी तैयार कर लें।
तली हुई गरम चंद्रकला को चाशनी में डालें और 2-3 मिनट तक रहने दें ताकि चाशनी अंदर तक चली जाए। फिर इसे प्लेट में निकालकर परोसें।