शादीशुदा महिला से मिलने आया प्रेमी, ससुरालवालों ने दोनों को पीटा; रातभर खंभे से बांधा, सुबह गांव में घुमाया

Published on 4 अग॰ 2026

शादीशुदा महिला से मिलने आया प्रेमी, ससुरालवालों ने दोनों को पीटा; रातभर खंभे से बांधा, सुबह गांव में घुमाया

ससुरालवालों ने दोनों को पीटा

Barwani Crime News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक विवाहित महिला पर गैर मर्द से प्रेम संबंध होने के शक में ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर ऐसी सजा दी जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप गई. आरोप है कि महिला और उसके प्रेमी को पहले बेरहमी से पीटा गया, फिर दोनों को रस्सी से बांधकर पूरी रात खंभे से बांधे रखा गया. इतना ही नहीं अगली सुबह दोनों को गांव में घुमाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र की है. पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं. महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था. इसी दौरान करीब पांच साल पहले उसकी पहचान पति के एक रिश्तेदार से हुई जो पेशे से ड्राइवर है. दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए.

महिला अपने बच्चों को पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी

करीब दो महीने पहले महिला अपने बच्चों को पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी. बाद में परिवार के लोगों की समझाइश के बाद वह दोबारा ससुराल लौट आई. महिला रविवार शाम महिला अपने प्रेमी के साथ थी. इसी दौरान उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी मिली कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ है. परिजन मौके पर पहुंच गए़.

महिला का आरोप है कि पति, देवर और अन्य परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की. इसके बाद उन्हें घर के बाहर खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया गया जहां दोनों पूरी रात बंधे रहे इस दौरान उन्हें पीने के लिए पानी भी नहीं दिया गया और मारपीट की गई. अगले दिन सुबह उन्हें उसी हालत में पूरे गांव में घुमाया गया. और बताया गया कि प्रेम करने का अंजाम यही होता है. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और उनके द्वारा पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया जो अब ये सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

मामले को बढ़ता देख गांव के सरपंच ने इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही करीब 5 पुलिस थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा उसके प्रेमी को मुक्त कराया. इस दौरान महिला के मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति भी बनी लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों परिवारों को बिठाकर समझाइस देकर बात की, तब जाकर मामला शांत कराया.

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

मामले में डीएसपी महेश सुनैया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, देवर और भांजे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में खंगाला जा रहा है.

महिला ने पुलिस को स्पष्ट रूप से बताया है कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती. उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है. साथ ही न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच जारी है. यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

शिव चौबे

शिव चौबे

शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.

Read More

google button