सीवान के दरौली स्थित श्याम लाल जैन उच्च विद्यालय के कक्षा 12वीं के छात्र परवेज़ राजा ने जिला स्तरीय वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
.
मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से “नशा मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को शामिल किया गया था। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थी भी प्रतिभागी के रूप में शामिल हुए। ऐसे वरिष्ठ एवं अनुभवी प्रतिभागियों के बीच महज 16 वर्ष की उम्र में कक्षा 12वीं के छात्र परवेज़ राजा का द्वितीय स्थान प्राप्त करना उसकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल और विषय की गहरी समझ को दर्शाता है।

देश के विकास में योगदान देने की अपील परवेज़ राजा ने “नशा मुक्त भारत” विषय पर अपने प्रभावशाली वक्तव्य में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों, युवाओं पर इसके प्रभाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ते हुए युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान देने की अपील की।
छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। ऐसी सफलताएं अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

नियमित अभ्यास का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा
परवेज़ की सफलता में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक चंदन कुमार के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने उसकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
उल्लेखनीय है कि परवेज़ राजा इससे पहले भी विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन कर चुका है। लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले परवेज़ की इस नई उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र उत्साहित हैं।