राहुल गांधी के घर के बाहर सुरक्षा सख्त, प्रदर्शन करने पहुंचे साधु-संतों को पुलिस ने हिरासत में लिया

Published on 7 अग॰ 2026

Image

राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन (फोटो- A

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दिल्ली (Delhi) स्थित आवास के बाहर आज साधु संत प्रदर्शन करने पहुंचे। उनके पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इससे पहले ही राहुल गांधी के घर के पास की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। एहतियात के तौर पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है।

8 लोग हिरासत में

राहुल गांधी के आवास के निकट विरोध प्रदर्शन करने को लेकर शुक्रवार को साधुओं समेत कम से कम आठ लोगों को हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि महिला प्रदर्शनकारियों सहित साधुओं के एक समूह ने प्रतिबंध के बावजूद गांधी के आवास के पास उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में प्रदर्शन करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के किसी भी उल्लंघन को रोकने के लिए क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

संसद के 'चढ़ावा चोरी' नाटक का विरोध

सूत्रों के अनुसार, साधु-संतों ने 31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्ष द्वारा किए गए ‘चढ़ावा चोरी’ के प्रतीकात्मक प्रदर्शन के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की थी। साधु-संतों और हिंदू संगठनों का आरोप है कि संसद परिसर में हुए उस प्रदर्शन के दौरान साधु-संतों के वेश और आस्था से जुड़े प्रतीकों का अनुचित प्रयोग किया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी विरोध के तहत साधु-संतों ने राहुल गांधी के आवास का घेराव करने की योजना बनाई थी।

दो महिलाएं और बच्ची हिरासत में

सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच राहुल गांधी के घर के बाहर एक अलग वाकया देखने को मिला। किसी अन्य मुद्दे को लेकर दो महिलाएं एक बच्ची के साथ बिना पूर्व अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गईं। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को एहतियातन हिरासत में ले लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

आवास के बाहर सन्नाटा, सुरक्षा चौकस

फिलहाल राहुल गांधी के आवास के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशासन किसी भी संभावित अव्यवस्था या अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई है और आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Shishupal Kumar

शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article