विक्रमादित्य की दिल्ली में खट्टर-वेणुगोपाल से मुलाकात: केंद्र से 1,200 करोड़ की मंजूरी मांगी; चंडीगढ़-पंचकूला सीमा पर नए शहर का प्रस्ताव उठाया - Shimla News

Published on 7 अग॰ 2026

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण (PWD) एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की।

.

वेणुगोपाल से कांग्रेस संगठन और हिमाचल के राजनीतिक हालात पर चर्चा की, जबकि दोपहर बाद केंद्रीय मंत्री खट्टर से मिलकर राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय और तकनीकी सहयोग का आग्रह किया।

उन्होंने राज्य के शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए नए शहर विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग और नियोजन संबंधी समर्थन मांगा। साथ ही चंडीगढ़ और पंचकूला की सीमा से सटे क्षेत्र में प्रस्तावित नए शहर के लिए साझा आधारभूत ढांचा विकसित करने की आवश्यकता भी उठाई।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पुष्प गुच्छ भेंट करते हुए PWD एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पुष्प गुच्छ भेंट करते हुए PWD एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह।

1,200 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह

विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत करीब 1,200 करोड़ रुपए की परियोजनाएं वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजी गई हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया। इसके अलावा अमृत योजना के तहत लंबित 64.45 करोड़ रुपए की राशि जल्द जारी करने की मांग भी की, ताकि राज्य में चल रही परियोजनाएं प्रभावित न हों।

स्वच्छ भारत मिशन और स्ट्रीट फूड हब का भी उठाया मुद्दा

मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के यूज्ड वाटर मैनेजमेंट कंपोनेंट में प्रदेश के 76 में से केवल 31 शहरी स्थानीय निकायों को शामिल किया गया है। उन्होंने शेष निकायों की परियोजनाओं को भी मंजूरी देने का अनुरोध किया। इसके साथ ही नादौन, मनाली, डलहौजी और रामपुर में प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पर शीघ्र कार्रवाई की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी।

खट्टर ने सहयोग का दिया भरोसा

केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार को सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करने और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) उपलब्ध कराने को कहा।

दिल्ली में केसी वेणुगोपाल को शॉल पहनाकर सम्मानित करते हुए विक्रमादित्य सिंह।

दिल्ली में केसी वेणुगोपाल को शॉल पहनाकर सम्मानित करते हुए विक्रमादित्य सिंह।

वेणुगोपाल से संगठन और सरकार की योजनाओं को लेकर चर्चा

इस मुलाकात मुलाकात के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने केसी वेणुगोपाल को हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने वेणुगोपाल को पारंपरिक हिमाचली शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

इससे पहले गुरुवार को विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से भी मुलाकात की थी। उस बैठक में भी संगठन और हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई थी।