Urad Dal Paratha: Urad Dal Paratha: रोज की घिसी-पिटी दाल-रोटी छोड़िए? आज ही ट्राई करें उड़द दाल और आलू का भरवां पराठा, बनेगा एक दम क्रिस्पी

Published on 9 अग॰ 2026

Urad Dal Paratha: दोपहर के लंच में कुछ हटकर और पेट भरने वाला खाने का मन हो, तो पराठों का नाम सबसे पहले आता है. आलू, गोभी या पनीर के पराठे तो आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन क्या कभी उड़द दाल और आलू के कॉम्बिनेशन वाला भरवां पराठा ट्राई किया है? उड़द दाल का सोंधापन और उबले हुए आलू का मखमली टेक्सचर मिलकर इस पराठे को बेहद स्वादिष्ट बना देते हैं.

यह न सिर्फ खाने में बहुत टेस्टी होता है, बल्कि प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होने के कारण सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है. खास बात यह है कि इसका स्वाद बच्चों को भी बहुत पसंद आता है और वे टिफिन चट कर के लौटते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि.

उड़द दाल और आलू का पराठा बनाने की सामग्री
गेंहू का आटा: 2 कप (गुंथा हुआ नरम आटा)

सम्बंधित ख़बरें

उड़द दाल (बिना छिलके वाली): आधा कप (धुली और 3-4 घंटे भीगी हुई)

उबले हुए आलू: 2 मीडियम साइज (मैश किए हुए)

हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)

अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच

हींग: दो चुटकी (उड़द दाल में जरूरी है)

जीरा: 1 छोटा चम्मच

धनिया पाउडर: 1 छोटा चम्मच

लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच

गरम मसाला: आधा छोटा चम्मच

अमचूर पाउडर या चाट मसाला: आधा छोटा चम्मच (चटपटे स्वाद के लिए)

हरा धनिया: बारीक कटा हुआ

सेंधा या सादा नमक: स्वादानुसार

देशी घी या तेल: पराठे सेकने के लिए

बनाने की विधि 
भीगी हुई उड़द दाल का पानी पूरी तरह निकाल लें. अब इसे मिक्सी के जार में बिना पानी डाले दरदरा (Coarse) पीस लें (ध्यान रहे, पेस्ट बिल्कुल बारीक नहीं होना चाहिए).

एक पैन में 1 चम्मच घी या तेल गर्म करें. उसमें हींग और जीरा चटकाएं.

अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर थोड़ा भूनें.

इसके बाद पिसी हुई उड़द दाल डालें और मध्यम आंच पर 3-4 मिनट तक भूनें ताकि दाल का कच्चापन निकल जाए.

अब इसमें मैश किए हुए उबले आलू, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और नमक मिलाएं.

सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए 2 मिनट और भूनें. अंत में बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. स्टफिंग तैयार है, इसे ठंडा होने दें.

गेंहू के गुंथे हुए आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. एक लोई को थोड़ा सा बेलकर कटोरी का आकार दें.

अब इसमें 1-2 चम्मच तैयार उड़द दाल-आलू की स्टफिंग रखें और अंगूठे से अंदर दबाते हुए लोई को ऊपर से बंद कर दें.

भरी हुई लोई पर थोड़ा सूखा आटा लगाएं और हल्के हाथों से बेलन चलाते हुए गोल पराठा बेल लें (ध्यान रखें कि बेलते वक्त ज्यादा जोर न लगाएं, वरना स्टफिंग बाहर आ सकती है).

तवे को गर्म करें और बेला हुआ पराठा उस पर डालें. एक तरफ से सिकने पर पलट दें और ऊपर से देसी घी या तेल लगाएं.

दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और क्रिस्पी होने तक अच्छी तरह सेक लें.

गरमा-गरम उड़द दाल और आलू के इस स्वादिष्ट पराठे को दही, मक्खन या अपनी मनपसंद आचार-चटनी के साथ लंच में परोसें.

---- समाप्त ----