मम्मी-मम्मी चिल्लाती रही पत्नी, पति पीटता रहा... सड़क पर चोटी पकड़कर घसीटा, खुद थाने पहुंचकर पीड़िता पर कराया केस
rewari bawal
X

रेवाड़ी में बर्बरता की हदें पार.(Photo:ITG)
हरियाणा के रेवाड़ी में पति ने पत्नी को जमकर पीटा. उसकी चोटी पकड़कर घर से सड़क पर खींच लाया. नीचे गिराकर जमकर लात-घूसे मारे. इस दौरान महिला 'मम्मी, मम्मी' चिल्लाती रही. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें पति महिला का हाथ मरोड़ता दिख रहा है. महिला की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने उसे पति के चंगुल से बचाया. वहीं, घटना के बाद पति ने थाने पहुंचकर पत्नी पर ही आरोप लगा दिया. पुलिस ने मेडिको लीगल रिपोर्ट (MLR) के आधार पर पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. उधर, पत्नी का कहना है कि पति अक्सर शराब पीकर मारपीट करता है.
घटना रेवाड़ी के बावल थाना इलाके की है. यहां पत्नी को पीटने के बाद पति अस्पताल पहुंच गया. अस्पताल आने के बाद कहने लगा कि पत्नी ने लाठी मार दी है. इलाज कर दो. इसके बाद पति ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हो गया और मेडिको लीगल रिपोर्ट कटा ली.
थाने जाकर पत्नी के खिलाफ शिकायत दी
पति ने 19 जुलाई को बावल थाना पहुंचकर पत्नी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी. पति ने कहा, ''पत्नी समय पर खाना भी नहीं देती है. बात-बात पर झगड़ा करती है. कुछ दिनों से तो मारपीट भी करने लगी है. उससे मुझे जान का खतरा बना रहता है.''
सम्बंधित ख़बरें
पत्नी बोली- मैं खुद घर खर्च चलाती हूं
घटना के बाद उसकी पत्नी भी सामने आई और बोली, ''पति कोई काम धंधा नहीं करता है. घर आकर रोजाना झगड़ा करता है. मैं एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती हूं. घर खर्च और तीन बच्चों की पढ़ाई का खर्चा भी खुद ही चलाना पड़ता है. इसके बाद भी मेरे साथ मारपीट की जाती है.''
पत्नी ने शेयर किया पिटाई का वीडियो
इस घटना से जुड़ा एक 27 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है. पत्नी ने ही ये वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में पति सड़क पर पत्नी को पटकता दिखाई दे रहा है. पिटाई के बाद महिला सड़क पर बचाने के लिए चिल्लाने लगी.
इसके बाद भी महिला की पिटाई जारी रही. पति उसके बाल पकड़कर खींचता और मारता दिख रहा है. जब महिला छूटने के लिए गुहार लगाने लगी तो उसने हाथ पकड़कर मरोड़ दिया. इस दौरान भी महिला बार- बार 'मम्मी मम्मी' चिल्लाती दिखी. देखें VIDEO:-
कुछ ही सेकेंड बाद महिला का पति उसे जमीन पर गिरा देता है. वहां एक व्यक्ति और एक महिला भी बचाव के लिए आते हैं. फिर दोनों उठकर जाते दिख रहे हैं. पीछे से एक महिला गाली देती भी नजर आ रही है.
---- समाप्त ----
