क्या है डॉक्टर डूम की ट्रैजिक लव स्टोरी? बचपन के प्यार की बलि देकर पाईं शक्तियां
Aug 11, 2026 08:24 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
Avengers Doomsday: फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे का इंतजार तो सभी को है, लेकिन ज्यादातर को यह नहीं पता है कि डॉक्टर डूम की असली कहानी क्या है।

डॉक्टर डूम को उसका शक्तिशाली आर्मर अपनी जिंदगी के सबसे प्यारे शख्स की बलि देकर मिला था।
मार्वल की इस साल की मोस्ट अवेटेड मूवी 'एवेंजर्स डूम्सडे' का ट्रेलर रिलीज किए जाने के बाद से ही फैंस इसकी टकटकी लगाए इंतजार कर रहे हैं। फिल्म भले ही दिसंबर में रिलीज होगी, लेकिन इसके बारे में गॉसिप्स तो लगातार चल रही हैं। रॉबर्ट डाउनी जूनियर एक बार फिर मार्वल स्टूडियो में कमबैक करने वाले हैं, लेकिन इस बार आयरन मैन बनकर नहीं, डॉक्टर डूम बनकर। फिल्म के ट्रेलर में उनकी एक झलक दी गई है और वह अपने ग्रीन सूट में काफी कूल लग रहे हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि इस सूट की भी अपनी एक कहानी है।
डॉक्टर डूम को कैसे मिला आर्मर?
मार्वल कॉमिक्स के मुताबिक डॉक्टर डूम को उसका यह ग्रीन आर्मर अपनी ही गर्लफ्रेंड ही हत्या करके मिला था। MCU में डॉक्टर डूम इतना पावरफुल विलेन है कि उसके आगे एक पल के लिए थैनोज भी औना-पौना विलेन नजर आता है। डॉक्टर डूम ने अपना यह सुपर कूल और स्ट्रॉन्ग आर्मर किसी मेटल से नहीं बल्कि उस इंसान की बॉडी से तैयार किया, जिससे वह एक वक्त पर सच्चा प्यार करता था। इसकी कहानी हमें फैन्टास्टिक फोर में पता चलती है। कॉमिक बुक में दिखाया गया है कि एक वक्त पर डूम बड़ी बेचैनी से अपने बचपन के प्यार वेलैरिया को ढूंढ रहा होता है।
आखिरकार मिल जाती है वेलेरिया
वह अपनी गर्लफ्रेंड की तलाश में कई ज्योतिष और भविष्य बताने वालों से मिलता है। फिर एक फॉर्च्यून टेलर उसे बताती है कि वेलेरिया कहां है। विक्टर (डॉक्टर डूम) उसे तलाशता हुआ वहां जा पहुंचता है। वह वेलेरिया को एक लॉकेट देता है, जिसमें उसके और विक्टर के बचपन की एक तस्वीर होती है। यह लॉकेट खोलने पर वो भावुक हो जाती है और विक्टर को एक मौका देने का फैसला करती है। लेकिन उसे नहीं पता होता कि उसकी खुशी बस कुछ पल की है और यह लॉकेट असल में एक जादुई आर्टिफैक्ट है।
जिंदा जल जाती है वेलेरिया और..
वह जैसे ही इस लॉकेट को पहनती है, उसका पूरा शरीर लपटों में घिर जाता है। जादुई लपटें उसे जिंदा ही जलाने लगती हैं और तब विक्टर उसे मरने से पहले हकीकत बताता है कि कैसे उसने शैतानों के साथ मिलकर एक डील की थी, जिसमें अपने सबसे प्यारे शख्स की जान के बदले उसे असीमित शक्तियों का मालिक बनाया जाएगा। वह इस ताकत को पाने के लिए अपने बचपन के प्यार की बलि देता है और इस तरह वेलेरिया के शरीर से बनकर तैयार होता है वो ग्रीन सूट (आर्मर) जिसे डॉक्टर डूम पहना नजर आता है।
