
Rani Mukerji Receives La Trobe Honorary Doctorate
रानी मुखर्जी को ऑस्ट्रेलिया के ला ट्रोब विश्वविद्यालय की तरफ से मानद डाक्टरेट की उपाधि मिली है. ये कारनामा करने वाली वो हिंदी सिनेमा की पहली एक्ट्रेस हैं और ये दूसरी बार है जब किसी बॉलीवुड कलाकार को इस सम्मान से सम्मानित किया गया है. इससे पहले 2019 में बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरुख खान को ये उपाधी दी गई थी. इस सम्मान को लेते वक्त एक्ट्रेस स्टेज पर काफी भावुक हो गईं और वो अपने आंसुओं को पोंछती नजर आईं.
रानी मुखर्जी ने बंगाली सिनेमा से अपने करियर की शुरुआत की थी और ‘राजा की आएगी बारात’ फिल्म से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया. एक्ट्रेस को इंडस्ट्री में तकरीबन 30 साल हो चुके हैं. अब उन्हें भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए IFFM में इस सम्म्मान से नवाजा गया है.
हर तरह के रोल प्ले किए हैं
रानी मुखर्जी ने हिंदी सिनेमा में काम करते हुए एक भारतीय फैमिली की बहू से लेकर चुलबुली लड़की और तेज तर्रार पुलिस ऑफिसर तक के किरदारों को बखूबी निभाया है. उन्हें सिनेमा के कई अवार्ड मिल चुके हैं. अब उन्हें इंडियन सिनेमा में तीन दशक की शानदार जर्नी और बेहतरीन एक्टिंग के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है.
स्टेज पर नहीं रोक पाईं आंसू
एक्ट्रेस रानी मुखर्जी को ये सम्मान इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) में मिला है. ऑस्ट्रेलिया में मिले इस सम्मान को लेते वक्त एक्ट्रेस मुस्कुराहट के साथ ही आंखों में आंसू लिए भी नजर आ रही हैं. पैपराजी पेज विरल भयानी ने कार्यक्रम की वीडियो शेयर की है. वहीं यशराज फिल्म्स की तरफ से एक्ट्रेस के इन खास पलों की तस्वीरें शेयर की गई हैं.
इसी के साथ कैप्शन में रानी मुखर्जी की तरफ से लिखा गया. “कुछ पल ऐसे होते हैं जो आपको रुकने और अपनी जर्नी की असल अहमियत को समझने पर मजबूर कर देते हैं. आज का दिन भी ऐसा ही एक पल है.सिनेमा की दुनिया में लगभग तीन दशक बिताने के बाद ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) मिलना मेरे लिए बहुत सम्मान और विनम्रता की बात है. हर किरदार, हर कहानी और हर अनुभव ने मुझे वह इंसान और कलाकार बनाया है जो मैं आज हूं.”
दर्शकों को दिया धन्यवाद
इसके आगे उन्होंने ऑडियंस को धन्यवाद देते हुए लिखा, “उन सभी दर्शकों का भी शुक्रिया जिन्होंने इतने सालों तक मेरे काम को अपने घरों, दिलों और यादों में जगह दी; आपके बिना यह सफ़र ऐसा नहीं होता. मैं इस सम्मान को बहुत आभार, गर्व और कहानियों की ताकत में नए विश्वास के साथ स्वीकार करती हूं.-रानी मुखर्जी” एक दूसरी पोस्ट भी शेयर की है, जिसमें उन्होंने बताया है कि तीन दशकों तक निभाए गए किरदारों के लिए रानी मुखर्जी को ‘इंडियन फ़िल्म फ़ेस्टिवल ऑफ़ मेलबर्न’ में सम्मानित किया गया है.

शशि सिंह
शशि सिंह टीवी9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से ताल्लुक रखने वाली शशि ने बरेली कॉलेज (महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय) से आर्ट्स से ग्रेजुएशन किया है और अमर उजाला से संबंद्ध इंस्टीट्यूट 'द आरोहन मीडिया स्कूल' से इंटीग्रेटेड डिजिटल मीडिया में पीजी डिप्लोमा कर चुकी हैं. इसके साथ ही अमर उजाला से ही इन्होंने बतौर जूनियर कंटेंट राइटर पत्रकारिता के करियर की शुरुआत की. वह रिलीजन, रिलेशनशिप, फूड, हेल्थ, और मनोरंजन जैसे टॉपिक्स पर लिखती हैं. इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन सालों से ज्यादा का अनुभव है. वहीं मनोरंजन के साथ राजनीति, क्राइम और देश-दुनिया की खबरों के लेखन में भी दिलचस्पी रखती हैं. इसके अलावा इन्होंने 'टेकवन स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन' से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री भी ली है. वह किताबें पढ़ने, कविताएं और शायरी लिखने-पढ़ने का शौक रखती हैं और नई-नई चीजों को एक्सप्लोर करना पसंद करती हैं.
Read More