स्कूल में चल रही थी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी, खेल के दौरान गिरी पेड़ की शाखा... दबने से छात्रा की मौत

Published on 14 अग॰ 2026

Telangana School Tragedy: तेलंगाना के यादद्री जिले में एक दर्दनाक हदसा हो गया. यहां के भुवनगिरी स्थित बागयात सरकारी स्कूल में एक 50 साल पुराने नीम के पेड़ की शाखा गिर गई, जिसमें दबने के कारण कई छात्र घायल हो गए और एक छात्रा ने दम तोड़ दिया. मृतक छात्रा की पहचान हालीमा के रूप में की गई है. वो कक्षा तीन की छात्रा थी. जानकारी के अनुसार, बागयात सरकारी स्कूल में 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां चल रही थीं.

साथ ही खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था. सभी छात्र खेलों में मग्न थे. स्कूल परिसर हंसी-खुशी सुनाई दे रही थी. इसी बीच स्कूल परिसर में स्थित एक 50 साल पुराने नीम के पेड़ की विशाल शाखा अचानक टूटकर छात्रों पर गिर पड़ी. इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, कई छात्र पेड़ के नीचे दब गए. इस अप्रत्याशित दुर्घटना के कारण छात्रों की खुशी पल भर में दुख में तब्दील हो गई. कुछ ही पलों में खेल का मैदान चीखों से भर गया.

इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

पेड़ की शाखा गिरने से कई छात्र घायल हो गए. वहीं हालीमा बहुत ही गंभीर रूप से घायल हो गई. उसको बेहतर इलाज के लिए बिबीनगर एम्स ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई. इस हादसे में जो अन्य छात्र घालय हुए हैं, उनमें से दो को बहुत ही गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें पैर की हड्डियां टूटना भी शामिल है. घायल छात्रों का इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की.

बाताया जा रहा है कि जिस नीम के पेड़ की शाखा गिरी, उसमें छह महीने पहले आग लग गई थी. दमकलकर्मियों ने आग नहीं बुझाई. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकलकर्मियों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि पेड़ का अंदरूनी हिस्सा जलने के बाद वह कमजोर हो गया है. आरोप लगाए जा रहे हैं कि कमजोर हो चुके पेड़ को न हटाने के कारण ही यह दुर्घटना हुई.

छात्रों के माता-पिता इस बात से हैं नाराज

छात्रों के माता-पिता इस बात से नाराज हैं कि पेड़ की खराब हालत के बारे में पहले से चेतावनी दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई. कांग्रेस पार्टी के विधायक और वर्तमान में तेलंगाना सरकार में सरकारी सचेतक (व्हिप) ने हादसे में जान गंवाने वाली तीसरी कक्षा की छात्रा हलीमा के परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की.

उन्होंने एम्स अस्पताल में हादसे में घायल हुए अन्य बच्चों से भी मुलाकात की. उन्होंने उनके इलाज के बारे में जानकारी ली और उनको 5,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की.

ये भी पढ़ें: बेटियों के बाद हुआ बेटा फिर क्यों डिलीवरी के बाद मां ने अस्पताल में कर ली आत्महत्या?

वरुण कुमार

वरुण कुमार

वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.

Read More

google button