Jemimah Rodrigues Injury: जेमिमा रॉड्रिग्स एशिया कप 2026 और एशियाई खेलों से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह प्रतीका रावल को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। जानें क्यों?
Jemimah Rodrigues Ruled Out Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एशिया कप 2026 और एशियाई खेलों से पहले बड़ा झटका लगा है। 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की अहम सदस्य जेमिमा रॉड्रिग्स चोट के कारण इन दोनों टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। जेमिमा की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए बड़ा नुकसान मानी जा रही है। भारत को 30 अगस्त से एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करनी है। इसके बाद सितंबर में एशियाई खेलों का आयोजन होगा। भारतीय टीम पिछली बार एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीत चुकी है और इस बार भी अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
क्यों बाहर हुईं जेमिमा रॉड्रिग्स?
जेमिमा रॉड्रिग्स हाल ही में इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड टूर्नामेंट में सदर्न ब्रेव के लिए खेल रही थीं। 3 अगस्त को एक मुकाबले के दौरान उनके दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। चोट गंभीर होने के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम ने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनकी जांच की। जांच में जेमिमा के दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में हाई-ग्रेड टियर हुई। मेडिकल टीम ने उन्हें कुछ हफ्तों तक आराम करने और क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी है। इसी वजह से वह एशिया कप और एशियाई खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगी।
जेमिमा की जगह किसे मिली टीम में जगह?
जेमिमा की जगह भारतीय टीम में प्रतीका रावल को शामिल किया गया है। प्रतीका ने अभी तक भारत के लिए कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है, लेकिन वनडे क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। प्रतीका 2025 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। वह भारत के लिए अब तक एक टेस्ट और 27 वनडे मैच खेल चुकी हैं। वनडे में उनके नाम दो शतक हैं और उनका औसत भी करीब 48 का रहा है। हालांकि, चोट के कारण प्रतीका 2025 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल में नहीं खेल पाई थीं। अब जेमिमा की जगह उन्हें टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में यह प्रतीका के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा।
और पढे़ं-ना CSK, ना KKR! हार्दिक पांड्या के इस टीम में लौटने के सबसे ज्यादा चांस, अश्विन ने बताया कारण
कब होगा एशिया कप और एशियाई खेल?
भारत एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगा। इसके बाद 3 सितंबर को हांगकांग और 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला होगा। वहीं, एशियाई खेलों में क्रिकेट मुकाबले 17 से 22 सितंबर के बीच खेले जाएंगे। भारत पिछली बार गोल्ड मेडल जीत चुका है और इस बार भी टीम की नजर गोल्ड पर होगी।
कैसी है भारत की टीम?
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, जी. कमलिनी, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, भारती फुलमाली और प्रतिका रावल।
जेमिमा रॉड्रिग्स को लेकर पूछे जाने वाले सवाल
1. जेमिमा रॉड्रिग्स एशिया कप 2026 में क्यों नहीं खेलेंगी?
द हंड्रेड के दौरान लगी गंभीर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जेमिमा टूर्नामेंट से बाहर हैं।
2. जेमिमा रॉड्रिग्स की जगह भारतीय टीम में किसे शामिल किया गया है?
उनकी जगह प्रतीका रावल को टीम में शामिल किया गया है।
3. भारत एशिया कप 2026 में अपना पहला मैच कब खेलेगा?
भारत 30 अगस्त 2026 को थाईलैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा।