नारायणपुर में शान से लहराया तिरंगा : अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश, लगाए 'हिंदुस्तान ज़िंदाबाद' के नारे  - Haribhoomi

Published on 15 अग॰ 2026

नारायणपुर में शान से लहराया तिरंगा : अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश, लगाए 'हिंदुस्तान ज़िंदाबाद' के नारे 

नारायणपुर में अंजुमन इस्लामिया कमेटी की ओर से जश्ने-ए-आजादी पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ।

Haji Amin Memon hoisting the flag

ध्वजारोहण करते हुए हाजी अमीन मेमन

  • Published: 15 Aug 2026, 10:33 AM IST
  • Last Updated: 15 Aug 2026, 10:34 AM IST

इमरान खान- नारायणपुर। जश्ने-ए-आजादी के मुबारक अवसर पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर की जानिब से जामा मस्जिद नारायणपुर के सामने स्थित पुराने जमातखाने के परिसर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में HBRB ग्रुप के हाजी अमीन मेमन साहब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उनके हाथों राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

तिरंगे की शान में गूंजा हिंदुस्तान ज़िंदाबाद
ध्वजारोहण के साथ ही पूरे परिसर में देशभक्ति और खुशी का माहौल नजर आया। उपस्थित लोगों ने पूरे सम्मान और अदब के साथ राष्ट्रगान में सहभागिता की। इसके बाद हिंदुस्तान की एकता, अखंडता और देश के प्रति मोहब्बत के जज़्बे के साथ 'हिंदुस्तान ज़िंदाबाद' के नारे बुलंद किए गए।

तिरंगा थामे बच्चों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में आम जमात के लोगों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी मौजूद रहे। हाथों में तिरंगा थामे बच्चों का उत्साह और देश के प्रति उनका जज़्बा कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। बुजुर्गों और युवाओं के साथ बच्चों की मौजूदगी ने राष्ट्रीय पर्व को नई पीढ़ी तक देशप्रेम और जिम्मेदारी का संदेश पहुंचाने का काम किया।

Tiranga flew proudly in Narayanpur

वतन से मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम
इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मोहम्मद इमरान खान ने कहा कि वतन से मोहब्बत और अपने मुल्क की तरक्की के लिए सकारात्मक भूमिका निभाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि, हिंदुस्तान की खूबसूरती उसकी विविधता, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब में है, जिसे मजबूत करना हम सभी का फर्ज है।

राष्ट्रीय पर्व में दिखी मुस्लिम समाज की भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस्लाम अमन, इंसानियत, भाईचारे और अपने वतन से मोहब्बत का पैगाम देता है। राष्ट्रीय पर्व में मुस्लिम समाज की सहभागिता इसी भावना को सामने रखती है कि देश की तरक्की और खुशहाली में समाज के हर वर्ग की बराबर भागीदारी है।

Tiranga flew proudly in Narayanpur

देश की तरक्की और अमन के लिए दुआ
ध्वजारोहण कार्यक्रम के माध्यम से अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अमन, भाईचारे, सद्भाव और इंसानियत का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में मुल्क हिंदुस्तान की तरक्की, अमन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की गई।

इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुतवल्ली अकबर भाई, नायब सदर मोहम्मद आरिफ, रियाज अख्तर, मोहम्मद रफीक, शेख महमूद, अकरम हुसैन, शेख तनवीर, अब्दुल रफीक कुरैशी, रहमत भाई, सैय्यद अख्तर अली, अब्दुल रहीम, शकील भाई, तस्लीम भाई, मोहम्मद इमामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद मोहसिन, मुजीब भाई, मेहमूद भाई, जावेद मिर्जा, मोहम्मद कशीद सहित अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, आम जमात के लोग और दर्जनों बच्चे मौजूद रहे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)