इटावा में पुलिस भर्ती अभ्यर्थी की मौत: स्टेडियम में दौड़ते समय गिरा, कार्डियक अरेस्ट की आशंका - Etawah News

Published on 21 अग॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Etawah
  • Etawah Police Recruitment Aspirant Death | Cardiac Arrest During Running

इटावा में पुलिस भर्ती अभ्यर्थी की मौत:स्टेडियम में दौड़ते समय गिरा, कार्डियक अरेस्ट की आशंका

उवैस चौधरी | इटावा51 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

इटावा में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय युवक की शुक्रवार सुबह दौड़ लगाते समय अचानक मौत हो गई। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में दौड़ के दौरान आकाश बेहोश होकर मैदान में गिर पड़ा। साथी खिलाड़ियों ने उसे CPR देकर बचाने का प्रयास किया और कार से जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी।

दौड़ते समय अचानक मैदान में गिर पड़ा

मृतक की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के यशोदानगर निवासी आकाश के रूप में हुई है। वह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे स्टेडियम में दौड़ लगाने पहुंचा था।

दौड़ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर मैदान में गिर पड़ा। उसे गिरता देखकर साथी खिलाड़ी तत्काल उसकी ओर दौड़े और मदद शुरू की।

साथियों ने CPR देकर बचाने की कोशिश की

आकाश को साथी खिलाड़ी स्टेडियम के पास ले आए। वहां मौजूद एक डॉक्टर और अन्य लोगों ने उसकी जान बचाने के लिए CPR दिया। काफी प्रयास के बावजूद उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई।

इसके बाद साथी खिलाड़ी उसे कार से डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे।

इमरजेंसी में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. श्याम मोहन ने जांच के बाद आकाश को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक, दौड़ने के दौरान उसे कार्डियक अरेस्ट आने की आशंका है। हालांकि, बिना पोस्टमार्टम के मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

परिजन बिना पोस्टमॉर्टम शव ले गए

अस्पताल पहुंचने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ घर ले गए। घटना की जानकारी सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

साथी खिलाड़ी ने बताया पूरा घटनाक्रम

स्टेडियम में मौजूद साथी खिलाड़ी राहुल ने बताया कि आकाश अन्य युवकों के साथ पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। साथी खिलाड़ियों ने तत्काल उसे उठाया और बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिपिक नरेश पाल सिंह ने भी बताया कि आकाश दौड़ते समय अचानक गिर गया था। वहां मौजूद लोगों ने उसे संभाला और CPR देने के बाद अस्पताल भेजा।

पुलिस में सिपाही है आकाश का भाई

आकाश चार भाइयों में एक था। उसके एक भाई की सुल्तानपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनाती बताई गई है। आकाश के पिता फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित पावर कॉरपोरेशन में नौकरी करते हैं।

बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

.