दुबई से लौटी बहू को सास ने मरवाया, मेड ने सिर फोड़ा-पति ने गर्दन कुचली, बेटे ने मिर्च पाउडर से दी दर्दनाक मौत

Published on 21 अग॰ 2026

दुबई से लौटी बहू को सास ने मरवाया, मेड ने सिर फोड़ा-पति ने गर्दन कुचली, बेटे ने मिर्च पाउडर से दी दर्दनाक मौत

Time Published: Friday, August 21, 2026, 17:26 [IST]

Mumbai Ghatkopar Sapna Ganji Murder Case: मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक 35 साल की एक बहू की दिल दहलाने वाली हत्या ने पुलिस के भी रोंगटे खड़े कर दिए। शुरुआत में जिस मौत को बाथरूम में गिरने से हुई दुर्घटना बताने की कोशिश की गई, पुलिस के मुताबिक वह एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने बताया कि दुबई से लौटी बहू को मरवाने के लिए सास ने 1 महीने तक साजिश रची। पहले, 65 वर्षीय सास ने पूर्व नौकरानी से संपर्क साधा और बहू की हत्या के लिए सुपारी दी। सही वक्त का इंतजार किया।

जब बहू घर अकेली थी, तब नौकरानी समेत 5 आरोपियों ने उस पर धावा बोला। एक ने मिर्च पाउडर डाला, दूसरे ने कांच के गिलास से सिर फोड़ा। जैसे ही बहू फर्श पर गिरी, तीसरे ने पैर से गर्दन दबा दी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद, बाथरूम में गिरकर मरने का ड्रामा रचकर पुलिस को गुमराह किया। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब सवाल उठता है कि इस हत्याकांड से पर्दा कैसे उठा? आइए आपको रूबरू करते हैं...

saas-plan-bahu-sapna-ganji-murder

बहू की हत्या के लिए सास ने कितने की सुपारी दी?

मामला मुंबई के घाटकोपर इलाके का है। यहां की निवासी सपना घांजी (35 वर्षीय) को उसी की सास धनलक्ष्मी घांजी (65 वर्षीय) ने मौत के घाट उतरवा दिया। सपना जून 2026 में अपने बेटे के साथ दुबई से मुंबई लौटी थी। आरोप है कि इसके करीब एक महीने बाद धनलक्ष्मी ने अपनी पुरानी नौकरानी मंगला जाधव से संपर्क किया और बहू की हत्या के बदले उसे 3 लाख रुपये की सुपारी दी।

पहले बताया- बाथरूम में गिरने से हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की रात सपना अपने घर में बेहोश मिली थी। उसकी सास ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि बहू के साथ बहस हुई थी और इसी दौरान वह बाथरूम में गिर गई। अगले दिन, 17 अगस्त को सपना को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोपहर करीब 12:41 बजे उसे मृत बताया। अस्पताल की सूचना के बाद पंत नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हालांकि, शव की शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ ऐसे निशान मिले, जिन्होंने हादसे की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए।

गर्दन पर गहरे निशान, सिर पर भी चोट

पुलिस को सपना की गर्दन के आसपास गहरे नीले निशान मिले। इसके अलावा उसके सिर के बाईं ओर भी चोट और खून के निशान पाए गए। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को शक हुआ कि महिला की मौत सामान्य रूप से गिरने के कारण नहीं हुई। पूछताछ में धनलक्ष्मी ने कथित तौर पर पहले यह स्वीकार किया कि उसने बहस के दौरान सपना को धक्का दिया था। लेकिन पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की और CCTV फुटेज समेत तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला तो कथित साजिश की परतें खुलने लगीं।

बहू से नाराज थी सास, पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, धनलक्ष्मी और सपना के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सपना ने 2024 में अपने ससुराल वालों के खिलाफ कथित क्रूरता और अन्य आरोपों को लेकर मामला भी दर्ज कराया था। उसने घरेलू हिंसा कानून के तहत भी अधिकारियों से संपर्क किया था। इसके बाद, सास ने अपनी पुरानी नौकरानी से संपर्क साधा। जून 2026 में बहू के दुबई से लौटने के एक महीने बाद हत्या की साजिश को अंजाम दिया।

गिलास से सिर फोड़ा, आंखों में मिर्च पाउडर-गर्दन पैर से दबाई

पुलिस का दावा है कि 16 अगस्त को सपना जब घर में अकेली थी, तब आरोपी कथित तौर पर अलग-अलग समय पर घर में दाखिल हुए। जांच के मुताबिक, आरोपियों ने पहले सपना के सिर पर कांच के गिलास से हमला किया। इसके बाद उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया और कपड़े की मदद से कथित तौर पर उसका गला घोंटा गया। पुलिस का आरोप है कि नौकरानी मंगला के पति सुरेश और उसके बेटे साजन ने सपना की सांसें रुकने के बाद भी उसकी गर्दन पर पैर दबाए रखा, ताकि उसके बचने की कोई गुंजाइश न रहे। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर घटनास्थल पर मौजूद सबूतों को मिटाने की कोशिश की और हत्या को हादसा दिखाने का प्रयास किया।

सास समेत 5 गिरफ्तार

पुलिस ने साजिशकर्ता आरोपी सास धनलक्ष्मी को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया। इसके अगले दिन यानी 18 अगस्त को नौकरानी मंगला जाधव, उसके पति सुरेश, 21 वर्षीय बेटी शिवानी और 19 वर्षीय बेटे साजन को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है और मामले की जांच पंत नगर पुलिस कर रही है। पुलिस अब कथित हत्या की साजिश में प्रत्येक आरोपी की भूमिका, पैसों के लेनदेन और घटनास्थल पर मौजूद सबूतों की जांच कर रही है।

हादसा नहीं, साजिश का शक कैसे हुआ?

इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या सपना की मौत वास्तव में बाथरूम में गिरने से हुई थी। लेकिन गर्दन पर मिले निशान, सिर की चोट, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पुलिस को हत्या की दिशा में जांच बढ़ाने के लिए मजबूर किया। फिलहाल, पुलिस के आरोपों और जांच के आधार पर यह सामने आया है कि महिला की हत्या कथित तौर पर पहले से बनाई गई योजना के तहत की गई। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप साबित होना अभी बाकी है।