पति महेश के बाद अब पत्नी मेधा मांजरेकर को हुआ कैंसर! बोलीं, 'जब कीमो से भूख चली गई, तो दोस्तों ने क्या किया
Updated: Monday, July 13, 2026, 17:19 [IST]
Mahesh Manjrekar Wife Medha Manjrekar Cancer: बॉलीवुड के शानदार एक्टर और फिल्ममेकर महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि फिल्म मेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर को कैंसर हो गया है। मराठी एक्ट्रेस मेधा मांजरेकर ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया है कि उनका इलाज चल रहा है। इस खबर के सामने आने के बाद एक्ट्रेस के फैंस काफी परेशान हो गए हैं।
मेधा मांजरेकर को हुआ कैंसर
मेधा मांजरेकर ने अपनी इस गंभीर बीमारी को लेकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा और इमोशनल कर देने वाला नोट लिखा है। इसके साथ ही कुछ फोटोज और अस्पताल की झलकियां भी शेयर की हैं। मेधा का ये पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कौन हैं महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा?
आपको बता दें कि महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर की उम्र 58 साल है। वह मराठी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं। उन्होंने 'नटसम्राट' (2016), 'काकस्पर्श' (2012) और 'दे धक्का' (2008) जैसी सुपरहिट मराठी फिल्मों में काम किया है। मेधा मांजरेकर को आखिरी बार मराठी फिल्म 'एक राधा एक मीरा' में देखा गया था।
मेधा और महेश मांजरेकर की शादी
साल 1995 में मेधा ने महेश मांजरेकर से शादी की थी, जिसके बाद साल 2001 में उन्होंने बेटी सई मांजरेकर को जन्म दिया था। जानकारी के अनुसार महेश मांजरेकर ने मेधा से दूसरी शादी की है। वहीं मेधा औरमहेश मांजरेकर की बेटी सई भी एक एक्ट्रेस हैं। उन्होंने साल 2019 में सुपरस्टार सलमान खान के साथ फिल्म 'दबंग 3' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
मेधा मांजरेकर ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
-मेधा मांजरेकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कैंसर से लड़ाई की अपनी लंबी यात्रा पर बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। एक्ट्रेस ने बताया है कि कैसे उन्होंने अपना ध्यान बीमारी से हटाकर उन लोगों पर लगाया है, जिन्होंने हमेशा उनका साथ दिया है। मेधा मांजरेकर ने पति महेश मांजरेकर के सपोर्ट का जिक्र करते हुए लिखा है- जिंदगी में कुछ सफर ऐसे होते हैं जो आपको हमेशा के लिए बदल देते हैं। ये भी उनमें से एक है।
-मेधा मांजरेकर ने लिखा है- जब मेरे इलाज का एक दौर खत्म हो रहा है और मेरा जन्मदिन आने वाला है, तो मैं पीछे मुड़कर देख रही हूं। बीमारी का पता चलने पर नहीं, सर्जरी पर नहीं, कीमोथेरेपी पर नहीं, रेडिएशन पर नहीं। मुझे बस ईश्वर की कृपा याद आती है। हर बार जब मुझे लगा कि मैं और आगे नहीं बढ़ सकती, तो कोई न कोई मेरे साथ चलने के लिए आ गया। इस सफर के दौरान मुझे एहसास हुआ कि भगवान हमेशा हमारे सामने किसी दिव्य रूप में नहीं आते।
मेधा ने पति को सपोर्ट देने के लिए कहा शुक्रिया
-मेधा ने अपनी पोस्ट में लिखा है- हर बार जब मुझे लगा कि मैं और आगे नहीं बढ़ सकती, तो कोई न कोई मेरे साथ चलने के लिए आ गया। पीछे मुड़कर देखने पर मुझे पता चलता है कि ये कोई इत्तेफाक नहीं था। ये भगवान का मेरा हाथ थामने का तरीका था। भगवान मेरे जीवन में मेरे गुरुओं, डॉक्टरों, नर्सों,परिवार, दोस्तों और यहां तक कि ऐसे लोगों के रूप में आए जो कभी अजनबी थे लेकिन मेरे लिए आशीर्वाद बन गए। महेश, मेरे साथ रहने के लिए शुक्रिया। कुछ सफर अकेले तय नहीं किए जा सकते।
-मेधा ने आगे लिखा- मेरा अपना ग्रुप था, मेरी बहन, मेरी भाभी, मेरे शानदार दोस्त, आप लोगों ने प्यार का मतलब ही बदल दिया। आप सिर्फ मेरे साथ खड़े नहीं रहे। आप सच में साथ आए। आप घर आए। आप बारी-बारी से मेरे साथ रहे। आपने मुझे हंसाया। आपने मेरे साथ प्रार्थना की। आपने मेरा ध्यान बंटाए रखा। आपने पक्का किया कि मुझे अपने सबसे मुश्किल दिनों का सामना अकेले न करना पड़े। आप में से कुछ तो मेरे साथ समय बिताने के लिए दूसरे महाद्वीपों से भी आए।
-एक्ट्रेस ने लिखा- जब इलाज की वजह से मेरी भूख चली गई थी, तो किसी न किसी को हमेशा पता होता था कि मैं क्या खा सकती हूं। ढोकले का डिब्बा। नरम इडली। गुलपापड़ी, पानी-पूरी, सब मेरे सामने होता था। मैंने सिंपल जाइट भी ली क्योंकि उसमें बेपनाह प्यार था।
-मेधा ने बताया- एक दोस्त ने सुझाव दिया कि मैं क्रैनबेरी जूस शैंपेन ग्लास में पीऊं। परोसने के तरीके में एक छोटा सा बदलाव हो तो नजरिया पूरी तरह बदल जाता है। मेधा मांजरेकर के इस इमोशनल पोस्ट पर स्वप्निल जोशी, नीना कुलकर्णी सहित कई मराठी फिल्मी हस्तियों ने उनका साहस बढ़ाया है और उनके जल्द ठीक होने की दुआ की है।
महेश मांजरेकर को हुआ था हाई-ग्रेड यूरिनरी ब्लैडर कैंसर
जानकारी के अनुसार साल 2021 में महेश मांजरेकर को हाई-ग्रेड यूरिनरी ब्लैडर कैंसर का पता चला था। मुंबई में उनकी बड़ी सर्जरी हुई थी और फिर वह पूरी तरह से रिकवर हो गए थे। उस मुश्किल दौर में मेधा मांजरेकर ने उस भावनात्मक मजबूती के बारे में बात की थी, जिसकी परिवार को महेश के इलाज के दौरान जरूरत थी।