महाराष्ट्र की राजनीति में देवेंद्र फडणवीस ने हासिल किया बड़ा मुकाम, शरद पवार को छोड़ा पीछे

Published on 13 जुल॰ 2026

महाराष्ट्र की राजनीति में देवेंद्र फडणवीस ने हासिल किया बड़ा मुकाम, शरद पवार को छोड़ा पीछे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की राजनीति में एक बड़ी उपलब्धी हासिल की है. 12 जुलाई 2026 तक वो राज्य के तीसरे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के प्रमुख शरद पवार के कुल कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया है.

आंकड़ों के अनुसार फडणवीस ने अब तक तीन अलग-अलग कार्यकालों में कुल लगभग 6 साल 7 महीने यानी 2,430 दिन मुख्यमंत्री पद पर सेवा दी है. वहीं शरद पवार चार बार मुख्यमंत्री रहे और उनका कुल कार्यकाल लगभग 6 साल 221 दिन यानी 2,412 दिन रहा.

फडणवीस का तीसरा कार्यकाल जारी

शरद पवार चार बार मुख्यमंत्री बने लेकिन एक बार भी पांच साल का पूरा कार्यकाल पूरा नहीं कर सके. इसके विपरीत फडणवीस तीन बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं और अपने पहले कार्यकाल (2014-2019) में उन्होंने पूरा पांच वर्षीय कार्यकाल संपन्न किया. उनका दूसरा कार्यकाल छह दिनों तक चला और उनका तीसरा और वर्तमान कार्यकाल अभी जारी है, जो 12 जुलाई तक 585 दिन पूरे कर चुका है.

सबसे लंबे कार्यकाल वाले सीएम

महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड वसंतराव नाईक के नाम है. उन्होंने 11 साल 78 दिन यानी कुल 4,096 दिन तक सीएम पद संभाला और राज्या का नेतृत्व किया वहीं दूसरे स्थान पर विलासराव देशमुख हैं जिन्होंने लगभग 7 साल 129 दिन यानी 2,686 दिन मुख्यमंत्री के रूप में काम किया. अब देवेंद्र फडणवीस 2,430 दिनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं और उनका वर्तमान कार्यकाल अभी भी जारी है. अगर फडणवीस अपना मौजूदा कार्यकाल जारी रखते हैं, तो वह आने वाले महीनों में इस रिकॉर्ड के और करीब पहुंच सकते हैं.

फडणवीस का राजनीतिक सफर

22 जुलाई 1970 को नागपुर के एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे देवेंद्र फडणवीस ने लॉ में ग्रेजुएशन, बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट-ग्रेजुएशन और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया है. उन्होंने 1992 में नागपुर नगर निगम के पार्षद बनकर अपने राजनीतिक सफर की शुरू की और लगातार दो बार पार्षद रहे. इसके बाद वह लगातार पांच बार विधायक चुने गए. 2014 में वह महज 44 साल की उम्र में शरद पवार के बाद राज्य के दूसरे सबसे युवा मुख्यमंत्री बने.

फडणवीस के पास रहे अहम विभाग

2014-2019 के कार्यकाल में फडणवीस के पास गृह, सामान्य प्रशासन, IT, शहरी विकास, कानून और न्याय, बंदरगाह और जनसंपर्क जैसे अहम विभाग थे. इस दौरान उन्होंने मुंबई नेक्स्ट, पुलिस डिजिटलीकरण परियोजना, समृद्धि एक्सप्रेसवे और छत्रपति शिवाजी महाराज कृषि सम्मान योजना जैसी प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत की.

तीसरी बार मुख्यमंत्री बने फडणवीस

साल 2019 के राजनीतिक संकट के दौरान फडणवीस ने 5 दिनों के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. 2019 में शिवसेना, कांग्रेस और तत्कालीन अविभाजित NCP के गठबंधन के बाद उनका 5 दिन का कार्यकाल रहा था. 2024 के विधानसभा चुनाव में BJP के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 235 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जिसमें BJP को 132 सीटें मिलीं और फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बने.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button