पानी की पाइपलाइन के लिए खोदी नाली बनी दलदल: जल जीवन मिशन अधूरा; ग्रामीण ने पूछा- आदिवासी हैं, इसलिए सुविधाएं नहीं मिल रही? - Panna News

Published on 27 अग॰ 2026

पाइपलाइन के लिए खोदी गई 700 m लंबी नाली ठीक से नहीं भरने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

पन्ना जिले के धनैजा भाटिया गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का अधूरा काम ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन के लिए खोदी गई करीब 700 मीटर लंबी नाली ठीक से नहीं भरी गई। इस कारण बारिश के बाद सड़क पर

.

पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी नाली बनी दलदल

ग्रामीणों के मुताबिक, पाइपलाइन बिछाने के लिए मुख्य सीसी रोड के किनारे नाली खोदी गई थी। महीनों बाद भी ठेकेदार ने न तो नाली को ठीक से मिट्टी से भरा और न ही सीमेंट-कंक्रीट से बंद किया। हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद खुदाई से निकली काली-चिकनी मिट्टी पूरी सड़क पर फैल गई है, जिससे सीसी रोड दलदल और गहरे कीचड़ में बदल गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण बोले- सड़क पर चलना मुश्किल, 50 से ज्यादा परिवार प्रभावित

ग्रामीण बालादिन ने आक्रोश व्यक्त करते हुए सवाल किया "क्या हम आदिवासी समाज से आते हैं, इसलिए हमें साफ-सुथरे माहौल में रहने और चलने योग्य सड़क का अधिकार नहीं है?

ग्रामवासी चुन्नू आदिवासी के मुताबिक, सड़क पर कीचड़ के कारण 50 से ज्यादा आदिवासी परिवार प्रभावित हैं। उनका कहना है कि कई जगह सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कीचड़ के कारण एम्बुलेंस और दूसरे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

फावड़ा-तगाड़ी लेकर ग्रामीणों खुद भर रहे नाली

समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने खुद सड़क साफ करने का काम शुरू किया। पुरुष, महिलाएं और युवा फावड़ा, कुदाल और तगाड़ी लेकर सड़क पर उतर आए। ग्रामवासी दयाराम आदिवासी ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर सड़क पर फैली मिट्टी हटाने और नाली भरने का काम शुरू किया।

कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम की चेतावनी

ग्रामीणों ने पन्ना जिला प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने पाइपलाइन के काम और सड़क की स्थिति की जांच कराने की भी मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही सड़क को जल्द ठीक कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे पन्ना-बृजपुर मुख्य मार्ग पर आंदोलन और चक्काजाम करेंगे।