गांव से शहर की ओर रुझान:झोटवाड़ा, सांगानेर, बगरू, विद्याधर नगर और आमेर विधानसभा क्षेत्र में गांवों से फिर शहर की सूची में नाम
जयपुर35 मिनट पहलेलेखक: शिव प्रकाश शर्मा
- कॉपी लिंक

एसआईआर के दौरान शहर से मूल गांव में नाम दर्ज, निगम चुनाव में वोट देने के लिए 9 हजार ग्रामीणों ने शहर की वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाया, 1.05 लाख पहली बार देंगे वोट
नगर निगम चुनाव से पहले मतदाता सूची के पुनरीक्षण का एक अलग ट्रेंड सामने आया है। एसआईआर के बाद करीब 9 हजार मतदाताओं ने ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में अपना स्थान परिवर्तन दर्ज कराया है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मतदाताओं की मानी जा रही है, जो पहले शहर के नजदीक ही ग्रामीण क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज थे।
शहरी क्षेत्र में ही 1800 से 2300 मतदाताओं ने अपने वार्ड भी बदले हैं। इनका पता बदलने के बाद नाम संबंधित शहरी मतदान केंद्र की सूची में जोड़ा गया है। इसका सीधा असर नगर निगम के वार्डों के वोटर गणित पर पड़ सकता है। जयपुर निगम चुनाव में 24,33,121 पंजीकृत वोटर हैं। इनमें 1,05,029 वोटर पहली बार वोट डालेंगे। यानी नए वोटरों की हिस्सेदारी 4.33 प्रतिशत है। हर 100 वोटरों में करीब 4 पहली बार वोट डालेंगे।
दरअसल, जयपुर में पिछले कुछ वर्षों में शहर के बाहरी हिस्सों से आए लोगों ने शहर व गांव में नाम जुड़वा रखे थे। एसआईआर के दौरान मूल गांव में नाम दर्ज करवाया और शहरी क्षेत्र से नाम कटवा लिया। अब वापस नगर निगम चुनावों में वोट डालने के लिए शहरी क्षेत्र में नाम जुड़वाया है। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं, जिनका विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में नाम है, लेकिन मूल निवास गांव या पंचायत क्षेत्र में था। एसआईआर के दौरान घर-घर सत्यापन में ऐसे मतदाताओं का नया पता दर्ज हुआ। इसके बाद जिनका वास्तविक निवास शहर में मिला, उनका मतदाता रिकॉर्ड संबंधित शहरी क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया।
ग्रामीण मतदाताओं ने शहरों में मकान बनाए तो पता बदला, वोट शहरी बूथ पर शिफ्ट
9,000 कुल वोटर्स का स्थान परिवर्तन
2300 शहरी क्षेत्र में ही वार्ड/बूथ बदला
1000 अन्य स्थान परिवर्तन
9 हजार स्थानांतरित मतदाताओं में 60-70% ऐसे हैं, जिनका पुराना पता ग्रामीण क्षेत्र में था। यानी करीब 5,500 से 6,300 मतदाता अब शहरी वोटर सूची का हिस्सा बने हैं। शहर की सीमा से लगे झोटवाड़ा, सांगानेर, बगरू, विद्याधर नगर और आमेर में असर अधिक है। इन इलाकों में गांवों के आसपास तेजी से नई कॉलोनियां और आवासीय क्षेत्र विकसित हुए हैं। पुराने गांव के मतदाता अब शहर में मकान बनाकर रहने लगे हैं। ऐसे में उनका वोट भी पुराने ग्रामीण बूथ से हटकर नए शहरी बूथ पर पहुंचा है।
24.33 लाख मतदाता: इस बार नगर निगम चुनाव में कुल 24,33,121 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 12,61,380 पुरुष, 11,71,649 महिला व 92 ट्रांसजेंडर हैं।
.