How to Make Besan at Home: चना दाल से घर पर बनाएं शुद्ध बेसन, सब्जी और पकौड़ों का स्वाद बढ़ जाएगा कई गुना

Published on 29 अग॰ 2026

How to Make Besan at Home: बेसन भारतीय किचन में इस्तेमाल होने वाली सबसे जरूरी चीजों में से एक है. पकौड़े, कढ़ी, चीला, लड्डू से लेकर कई तरह की मिठाइयों और स्नैक्स में इसका इस्तेमाल किया जाता है. यही वजह है कि ज्यादातर घरों में बेसन हमेशा मौजूद रहता है. हालांकि, बाजार से खरीदे जाने वाले बेसन की शुद्धता को लेकर कई लोगों के मन में सवाल रहता है.

ऐसे में आप चाहें तो घर पर ही बेहद आसानी से शुद्ध बेसन तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि घर पर तैयार किए गए बेसन को एयरटाइट कंटेनर में रखकर लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है. घर पर बना बेसन शुद्ध होने के साथ-साथ स्वाद में भी बेहतर होता है, जिससे इससे बनी रेसिपी का स्वाद और भी बढ़ जाता है.

घर पर बेसन बनाने के लिए क्या चाहिए?

500-600 ग्राम चने की दाल

सम्बंधित ख़बरें


पहला तरीका: बिना भूने बेसन बनाने का आसान तरीका

  • इसके लिए चने की दाल को अच्छी तरह साफ कर लें और 1-2 दिन की तेज धूप में खूब अच्छे से सुखा लें. धूप से दाल की सारी नमी निकल जाती है.
  • दाल जब एकदम सूखी और कड़क हो जाए तो इसे मिक्सर के सूखे जार में डालकर बारीक पीस लें. इसके बाद इसे बारीक छलनी से छान लें.

दूसरा तरीका: कड़ाही में भूनकर बनाएं बेसन

  • सबसे पहले चने की दाल को अच्छी तरह साफ कर लें और 1 दिन के लिए धूप में सुखा दें. अगले दिन एक कड़ाही गर्म करें और उसमें दाल को 3-4 मिनट तक हल्का भून लें. ध्यान रखें कि दाल जले नहीं.
  • अब दाल को थोड़ा ठंडा होने दें और मिक्सर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डालकर बारीक पीस लें. इसके बाद बेसन को छलनी से छान लें. अगर कुछ दाल मोटी रह जाए तो उसे दोबारा पीसकर फिर से छान लें. आपका शुद्ध बेसन तैयार है.

तीसरा तरीका: माइक्रोवेव में बनाएं बेसन

  • अगर आपके घर में माइक्रोवेव है तो यह तरीका भी आसान है. सबसे पहले चने की दाल को साफ करके एक दिन धूप में सुखा लें.
  • अब माइक्रोवेव को 180 डिग्री सेल्सियस पर सेट करें और दाल को माइक्रोवेव-सेफ बर्तन में डालकर कुछ मिनट तक भून लें. बीच-बीच में दाल को चलाते रहें, ताकि वह समान रूप से भुन जाए.
  • भुनने के बाद दाल को ठंडा करें, फिर ग्राइंडर में बारीक पीस लें और छलनी से छान लें. अगर दाल पूरी तरह बारीक न पिसे तो बची हुई दाल को दोबारा पीस लें.

बेसन को कैसे करें स्टोर?
घर पर बने बेसन को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए इसे कांच के जार या एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें. हर बार इस्तेमाल करने के बाद कंटेनर का ढक्कन अच्छी तरह बंद करें. अगर कंटेनर खुला रह जाए तो नमी की वजह से बेसन जल्दी खराब हो सकता है.

किन-किन चीजों में कर सकते हैं इस्तेमाल?
घर पर बने शुद्ध बेसन का इस्तेमाल रेसिपीज बनाने में किया जा सकता है. इससे आप बेसन के लड्डू, बेसन की बर्फी, कढ़ी, चीला, पकोड़े, चकली, सब्जी, ब्रेड पकोड़ा, पनीर पकोड़ा और प्याज के पकोड़े जैसी कई डिश आसानी से बना सकते हैं.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

प्रोटीन के लिए क्या खाएं- अंडा या सोया चंक्स? एक्सपर्ट्स से समझिए फर्क

Live TV