
नीरज चोपड़ा चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर. (फोटो- PTI)
Neeraj Chopra: भारत के दो बार के ओलंपिक मेडल विजेता और स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए पूरे मौजूदा सीजन से बाहर होने का ऐलान किया है. ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट टियर हो गया है, जिसके चलते वो आगामी 4-5 सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल और जापान में होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले सकेंगे, जो भारत के लिए एक बड़ा झटका है.
नीरज चोपड़ा ने पोस्ट में क्या लिखा?
नीरज ने हाल ही में लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का थ्रो फेंककर सीजन का अपना बेस्ट प्रदर्शन किया था और डायमंड लीग फाइनल के लिए भी क्वालिफाई किया था. ऐसे में एशियन गेम्स से पहले यह फाइनल मुकाबला नीरज चोपड़ा के लिए अपनी फॉर्म और फिटनेस को परखने का बेहतरीन मंच जा रहा था. लेकिन चोट के चलते उन्हें बड़ा झटका लगा है.
नीरज चोपड़ा ने अपनी चोट और फैसले की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘काफी कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार मुझे लगा कि लुसाने में अपने सीजन के बेस्ट थ्रो के साथ वह गति और लय मिल रही थी जिसकी मुझे तलाश थी. लेकिन दुर्भाग्य से, इसके कुछ ही समय बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने का लिगामेंट फट गया. डॉक्टर और अपनी टीम से बातचीत के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस पूरे सीजन के बाकी बचे मुकाबलों से बाहर रहूंगा. यह काफी निराशाजनक है, खासकर तब जब मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय के काफी करीब पहुंच चुका हूं. लेकिन जैसा कि कहते हैं, रुकावटें और झटके सफर का हिस्सा होते हैं. अब मेरा पूरा ध्यान पूरी तरह ठीक होने और पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर वापसी करने पर है. आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद.’
एशियन गेम्स के मेडल अभियान को बड़ा झटका
अब नीरज की निगाहें पूरी तरह से अपने रिहैबिलिटेशन और रिकवरी पर टिकी हैं ताकि वो अगले सीजन में पूरी ताकत और फिटनेस के साथ मैदान पर लौट सकें. लेकिन इस सीजन से बाहर होना भारतीय खेल जगत और एथलेटिक्स के लिए एक बहुत बड़ा झटका है. डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में एशियन गेम्स में भारत के सबसे बड़े गोल्ड मेडल दावेदार नीरज का बाहर होना देश के मेडल अभियान को प्रभावित करेगा.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More