'द ग्रेट खली' की कार का हुआ एक्सीडेंट, वीडियो में बताया अब कैसी है हालत
Aug 30, 2026 04:12 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

The Great Khali: द ग्रेट खली की गाड़ी हरियाणा के पानीपत में टोल प्लाजा के करीब टकरा गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और खली के फैंस घबरा गए।

कार एक्सीडेंट में बाल-बाल बचे द ग्रेट खली, वीडियो पोस्ट करके दिया हेल्थ अपडेट।
'द ग्रेट खली' के नाम से मशहूर पहलवान दिलीप सिंह एक रोड एक्सीडेंट में उस वक्त बाल-बाल बच गए जब उनकी गाड़ी टोल प्लाजा पर दूसरे वाहन से टकरा गई। घटना हरियाणा के पानीपत की है जब खली अपनी SUV गाड़ी से जा रहे थे और टोल प्लाजा के नजदीक दूसरी गाड़ी से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। खली ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को बताया है कि वह ठीक हैं और चिंता करने की कोई बात नहीं है। खली ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वह इस घटना और अभी अपनी हालत के बारे में बता रहे हैं।
वीडियो में द ग्रेट खली ने क्या बताया?
द ग्रेट खली ने वीडियो में बताया, "कल मेरी गाड़ी के एक्सीडेंट के बाद मेरे बहुत से दोस्त मुझे कॉल कर रहे हैं और मैसेज कर रहे हैं, वो मुझसे पूछ रहे हैं कि मैं ठीक हूं या नहीं। मैं पूरी तरह ठीक हूं। आप लोगों का और ऊपर वाले का आशीर्वाद है। हां, मेरी गाड़ी थोड़ी डैमेज हो गई है। लेकिन वो इतनी बड़ी बात नहीं है।" खली ने इसी वीडियो में यह भी कहा कि वह नहीं चाहते थे कि यह खबर सोशल मीडिया पर फैले, क्योंकि इतनी कोई गंभीर बात नहीं हुई थी, लेकिन क्योंकि उनके एक्सीडेंट का वीडियो वायरल हो गया इसलिए खबर फैल गई।
खली ने किया लोगों का शुक्रिया अदा
खली ने कहा, "मैं तहेदिल से आप लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं कि आप लोग मेरी और मेरी सेहत की इतनी परवाह करते हैं। प्लीज आप लोग भी अपना बहुत ख्याल रखिए। जय भारत।" बता दें कि वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि बुरी तरह डैमेज हो चुकी एक गाड़ी से द ग्रेट खली बाहर आते हैं और फिर दूसरी गाड़ी की तरफ बढ़ते हैं। पानीपत टोल प्लाजा के पास यह वीडियो रिकॉर्ड हुआ था। हालांकि खली को खास चोट नहीं लगी थी, लेकिन उनकी गाड़ी की हालत और इस वीडियो के वायरल होने के बाद फैंस को उनकी परवाह होने लगी।
खली का करियर और WWE डेब्यू
बता दें कि 'द ग्रेट खली' एक प्रोफेशनल रेसलर हैं और काफी वक्त तक WWE में भी फाइट कर चुके हैं। भारत में जन्मे दिलीप सिंह उर्फ खली की उम्र 54 साल है और उनका वजन 157 किलो है। साल 1993 में उन्होंने पंजाब पुलिस जॉइन की थी, लेकिन फिर अपनी लंबाई-चौड़ाई का फायदा उठाते हुए साल 2000 में उन्होंने प्रोफेशनल रेसलिंग शुरू की। इसके करीब 7 साल के बाद उन्होंने वह कमाल किया, जिसका इंतजार ढेरों WWE फैंस कब से कर रहे थे। दिलीप सिंह ने WWE में भारतीय पहलवान 'द ग्रेट खली' के नाम से डेब्यू किया। इसके बाद खली की फैन फॉलोइंग बहुत तेजी से बढ़ी।