मंदसौर की राजहंस कॉलोनी में रविवार को गार्डन की जमीन पर बने टीन शेड को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट भी हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया शेयर किया जा रहा है। दोनों पक्षों ने यशोधर्मन थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज
.
राजहंस कॉलोनी निवासी चित्रांश जोशी ने शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ घर पर थे। इसी दौरान धीरज पोरवाल उनके घर के सामने गार्डन की जमीन पर बने टीन शेड को आगे बढ़ाने के लिए सफाई कर रहे थे। चित्रांश ने शेड आगे बढ़ाने पर आपत्ति जताई। इसके बाद विवाद शुरू हो गया।
गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया चित्रांश का आरोप है कि धीरज ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद अनिल पाटीदार और विनोद पाटीदार भी मौके पर पहुंचे। चित्रांश के मुताबिक उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। मारपीट में उनकी गर्दन, सिर और बाएं हाथ की उंगली में चोट आई। बीच-बचाव करने आए उनके पिता के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है।

दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई।
वहीं, दूसरे पक्ष से धीरज पोरवाल निवासी बापूनगर ने अनिल पाटीदार और विनोद पाटीदार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। धीरज ने बताया कि राजहंस कॉलोनी में राधा-कृष्ण मंदिर के सामने गार्डन में जन्माष्टमी आयोजन की तैयारी के लिए वह एक मजदूर के साथ सफाई करने पहुंचे थे।
सफाई को लेकर हुआ विवाद धीरज के अनुसार, इसी दौरान चित्रांश जोशी वहां आए और सफाई को लेकर विवाद करने लगे। धीरज का आरोप है कि चित्रांश ने गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ों से मारपीट और धक्का-मुक्की की। इससे उनके हाथ-पैर और बाएं घुटने में चोट लगी। धीरज ने अमित जोशी पर भी गाली-गलौज का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, बीच-बचाव करने पर विनोद और अनिल पाटीदार के साथ भी झूमाझटकी हुई।
रहवासियों का आरोप- गार्डन की जमीन पर बना है शेड
मौके पर पहुंचे कॉलोनीवासियों ने बताया कि गार्डन की जमीन पर बने लोहे के शेड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। रहवासियों का आरोप है कि इस्कॉन से जुड़े कुछ लोगों ने सार्वजनिक गार्डन की जमीन पर कब्जा कर लोहे का बड़ा शेड बनाया है। उनका यह भी आरोप है कि शेड बनाने के लिए गार्डन में लगे बड़े पेड़ काटे गए।
रहवासियों के मुताबिक, यहां कभी-कभी धार्मिक गतिविधियां भी होती हैं। उनका कहना है कि वे लंबे समय से शेड का विरोध कर रहे हैं और इसे गार्डन की जमीन पर किया गया अवैध निर्माण बता रहे हैं।
कलेक्टर-एसपी कार्यालय में कई बार कर चुके शिकायत
कॉलोनीवासियों ने बताया कि अक्टूबर 2025 में कलेक्टर कार्यालय, एसपी कार्यालय और सीएम हेल्पलाइन सहित कई स्तरों पर शिकायत की गई थी। जनसुनवाई और नगर पालिका स्तर पर भी शिकायतें करने का दावा किया गया है। रहवासियों का आरोप है कि इसके बावजूद शेड हटाने की कार्रवाई नहीं हुई।
चित्रांश जोशी ने बताया कि वे करीब 6 साल से राजहंस कॉलोनी में रह रहे हैं। उनका आरोप है कि सार्वजनिक गार्डन में पेड़ काटकर शेड बनाया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को शेड की सफाई और उसे आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा था। विरोध करने पर विवाद और मारपीट हो गई।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज
यशोधर्मन थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। दोनों की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 115(2) और 352 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।