देवीधार-रनोल सड़क के लिए जल्द जारी होगा बजट : विक्रमादित्य
August 30, 2026

Budget for Devidhar-Ranol road soon : शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ग्राम पंचायत रनोल के कोटी बाई में आयोजित ‘उजैन मेला’ के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में करीब 120 करोड़ रुपये के सड़क कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी और देवीधार-रनोल सड़क के उन्नयन व पक्कीकरण के लिए जल्द धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। मंत्री ने रोहड़ू-चिड़गांव-धमवाड़ी सड़क के धीमे निर्माण कार्य पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
120 करोड़ का सड़क कार्य प्रगति पर
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों पर लगभग 120 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है, जिसका लाभ क्षेत्र के लोगों तथा बागवानों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य सड़कों की मांगों पर भी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मुख्य सड़क देवीधार-रनोल के उन्नयन एवं पक्का करने के लिए शीघ्र ही धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने सारीवासा में वैली ब्रिज का निर्माण करने की घोषणा की। लोक निर्माण मंत्री ने रोहड़ू-चिड़गांव-धमवाड़ी सड़क के निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बरसात के मौसम में किसी भी अवरुद्ध सड़क को 24 घंटे के भीतर खोला जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों और बागवानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि हाल ही में छैला-यशवंतनगर सड़क के निर्माण के लिए 203 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र के बागवानों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी और उनकी उपज को बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने सराय भवन के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर परिसर में हाईमास्ट/हैलोजन लाइट लगाने के लिए भी आवश्यक धनराशि का प्रावधान करने का आश्वासन दिया।
विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का लिया जायजा
लोक निर्माण मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रनोल के निर्माणाधीन भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र नए भवन की सुविधा मिल सके। विधायक के रोहड़ू मोहन लाल ब्राक्टा ने लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में पधारने पर स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकासात्मक मांगों को उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।