नॉरफॉक के आलीशान कंट्री हाउस में जब 100 दोस्तों और रिश्तेदारों के सामने 34 वर्षीय एलेक्स क्रॉक्सफोर्ड अपने दूल्हे साइमन के साथ शादी के फेरे ले रही थीं, तो उन्होंने भावुक होकर कहा था, हम दोनों चुंबक की तरह हैं, जो हमेशा एक-दूसरे को अपनी ओर खींचते हैं।
वह बाहर से एक परफेक्ट मैरिज की तस्वीर थी। दोनों सफल थे, हंसते-मुस्कुराते थे, साथ में वर्ल्ड टूर करते थे और दोस्तों के बीच आदर्श जोड़ा माने जाते थे। लेकिन शादी के महज 10 महीने बाद ही एलेक्स का एक पुराने दोस्त के साथ अफेयर शुरू हो गया।
विज्ञापन
सात महीने चले इस भटकाव ने न सिर्फ उनकी शादी को हमेशा के लिए बर्बाद कर दिया, बल्कि उन्हें आत्मग्लानि के ऐसे नर्क में धकेला, जहां से उबरने में कई साल लग गए। आज 43 साल की उम्र में एलेक्स बेवफाई का शिकार या उसकी मुजरिम बनी महिलाओं की काउंसलिंग करती हैं। अपने बेहद ईमानदार कबूलनामे में एलेक्स बताती हैं कि शादीशुदा महिलाओं के भटकने की वजह हमेशा पति का बुरा होना नहीं होता; इसके पीछे असली वजह होती है-रिश्ते में चुपचाप पसरा भावनात्मक अकेलापन।
विज्ञापन
रिश्तों में पसरा अकेलापन
एलेक्स बताती हैं, हम कभी झगड़ते नहीं थे। मुझे लगता था कि झगड़ा न होना एक खुशहाल शादी की निशानी है। लेकिन असल में इसका मतलब यह था कि हम दोनों में से कोई भी अपने दिल की कड़वी बात या डर सामने नहीं रख रहा था। साथ रहते थे पर दोनों ने एक-दूसरे के अंदर चल रही उथल-पुथल को समझना बंद कर दिया था। साइमन फुल-टाइम जॉब के साथ सीए की पढ़ाई में जुटे रहते थे। एलेक्स हर पार्टी और डिनर पर अकेले पहुंचती थीं।
शादी के कुछ महीने बाद ही एलेक्स को हार्मोनल बीमारी का पता चला। संतान के लिए आईवीएफ ट्रीटमेंट शुरू हुआ। यह एक 'टास्क' बन गया और एलेक्स अकेले ही अस्पतालों के चक्कर काटती रहीं। यह डर कि वे कभी मां नहीं बन पाएंगी, वे अपने पति से साझा तक नहीं कर सकीं।
पुराने दोस्त ने कराया मेरे जिंदा होने का एहसास
शादी के 10 महीने बाद उनके जीवन में एक पुराना दोस्त लौटा। एलेक्स लिखती हैं, यह आकर्षण उस इंसान के लिए नहीं था, बल्कि इस बात के लिए था कि मैं उसके साथ कैसा महसूस करती थी। वह मुझे नोटिस करता था, वह मेरी बातें सुनता था। साइमन और मैं ऐसे कपल बन चुके थे जो पार्टी में साथ आते थे लेकिन पूरे समय कमरे के दो अलग कोनों में रहते थे।”
7 महीने और 4 मुलाकातें : यह कोई रोज डेट पर जाने वाला अफेयर नहीं था। शराब के नशे में कुल चार बार शारीरिक नजदीकी हुई। हर मुलाकात की अगली सुबह एलेक्स भारी आत्मग्लानि और घिन के साथ उठती थीं।
एक कबूलनामे ने छीन लिया घर और मातृत्व का सपना
जब पहला आईवीएफ नाकाम रहा, तो एलेक्स ने खुद को कोसा कि बेवफाई की सजा ईश्वर ने उनकी कोख छीनकर दी है। डिप्रेशन के बीच एक शाम वे पति के सामने टूट गईं और कह दिया, मैंने तुम्हें धोखा दिया है। ईस्ट लंदन का आलीशान 4-बेडरूम मकान छोड़कर वे एक छोटे से 1-बेडरूम फ्लैट में शिफ्ट हो गईं। दोनों ने शादी बचाने के लिए मैरिज काउंसलिंग ली। साइमन ने उन्हें माफ करने की कोशिश की, लेकिन रिश्ता उस मुकाम पर पहुंच चुका था जहां से वापसी मुमकिन नहीं थी।
एलेक्स कहती हैं, मेरी शादी इसलिए नहीं टूटी कि मुझे कोई दूसरा मिल गया था; मेरी शादी इसलिए टूटी क्योंकि उससे बहुत पहले ही मैंने अपने जीवनसाथी से यह सच छुपाना शुरू कर दिया था कि मैं उसके साथ रहते हुए भी अंदर से कितनी अकेली और उदास हो चुकी थी।