भारत पर जीत ने बर्बाद किया पाकिस्तान क्रिकेट... मोहम्मद यूसुफ का सनसनीखेज बयान, इस मैच को बताया असली वजह

Published on 6 सित॰ 2026

भारत पर जीत ने बर्बाद किया पाकिस्तान क्रिकेट... मोहम्मद यूसुफ का सनसनीखेज बयान, इस मैच को बताया असली वजह

मोहम्मद यूसुफ का सनसनीखेज बयान. (फोटो- GETTY)

Mohammad Yousuf On Pakistan Cricket: पाकिस्तान क्रिकेट इस समय अपने इतिहास के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है. इंग्लैंड दौरे पर टीम के खराब प्रदर्शन के बीच सात खिलाड़ियों को वतन वापस भेज दिया गया, टेस्ट हेड कोच की छुट्टी कर दी गई और सेलेक्टर मिस्बाह-उल-हक ने भी इस्तीफा दे दिया है. बोर्ड और ड्रेसिंग रूम के बीच मचे इस गृहयुद्ध पर कई पूर्व क्रिकेटरों ने बयान दिया है, लेकिन पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है. यूसुफ ने पाकिस्तान क्रिकेट के इस पतन का ठीकरा विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम के खिलाफ मिली 2021 की ऐतिहासिक जीत पर फोड़ा है.

2021 में मिली वो जीत और ड्रेसिंग रूम में आया घमंड

समा टीवी पर बातचीत करते हुए मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि 2021 टी20 वर्ल्ड कप में भारत पर मिली 10 विकेट की एकतरफा जीत ने पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम को फायदे से ज्यादा नुकसान पहुंचाया. यूसुफ के मुताबिक, उस जीत के बाद खिलाड़ियों को लगा कि उन्होंने सब कुछ हासिल कर लिया है. वो यह भूल गए कि आगे का सफर कैसे तय करना है. यूसुफ ने तंज कसते हुए कहा, ‘जब आप अच्छा खेलते हैं, तो आपको विनम्र रहना चाहिए. अगर आप कॉलर ऊंचे करके घूमेंगे और खेल का अनादर करेंगे, तो समस्याएं खड़ी होंगी. आज पाकिस्तान क्रिकेट में ठीक यही हुआ है.’

बता दें, साल 2021 के उस मुकाबले के बाद से पाकिस्तान ने सभी फॉर्मेट को मिलाकर कुल 221 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें सिर्फ 115 में जीत मिली हैं. वहीं, 97 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. टीम का जीत प्रतिशत गिरकर सिर्फ 52.03% रह गया है.

PCB के कड़े फैसलों को ठहराया सही

मोहम्मद यूसुफ ने दौरे के बीच 7 खिलाड़ियों को वापस बुलाने के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सख्त कदम का पुरजोर समर्थन किया है. उन्होंने खुलासा किया कि 2021 की उस जीत के बाद प्लेइंग इलेवन का हर सदस्य खुद को टीम का कप्तान देखने लगा था. इससे टीम भावना खत्म हो गई और निजी एजेंडे हावी हो गए, जिसका सीधा असर पिछले चार-पांच सालों में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी में टीम के शर्मनाक प्रदर्शन पर दिखा. यूसुफ ने कहा कि बोर्ड ने हमेशा मदद की, अनगिनत कोच बदले, लेकिन खिलाड़ियों ने कभी जिम्मेदारी नहीं ली. ऐसे में पीसीबी का ये एक्शन पूरी तरह सही है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button