उपकप्तान तो बने, लेकिन खेलेंगे कहां? तिलक वर्मा की बैटिंग पोजिशन पर क्यों उठे सवाल?

Published on 11 सित॰ 2026

उपकप्तान तो बने, लेकिन खेलेंगे कहां? तिलक वर्मा की बैटिंग पोजिशन पर क्यों उठे सवाल?

तिलक वर्मा की बैटिंग पोजिशन पर उठे सवाल. (फोटो- PTI)

IND vs AFG T20I: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम तैयार है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली 15 सदस्यीय टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. हालांकि, सीरीज के आगाज से ठीक पहले तिलक वर्मा की बैटिंग पोजिशन को लेकर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं, जिसकी वजह टीम कॉम्बिनेशन है.

तिलक कहां बैटिंग करेंगे?

भारतीय टीम में बल्लेबाजों की भरमार और उभरते सितारों की एंट्री के बाद टीम कॉम्बिनेशन तय करना काफी पेचीदा काम बन गया है. इस सीरीज में बल्लेबाजों के सेलेक्शन को लेकर निश्चित तौर पर सिरदर्दी होने वाली है. जाहिर है श्रेयस कप्तान हैं, फिर ईशान किशन, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और कई ऑलराउंडर्स भी मौजूद हैं. ऐसे में सवाल यह है कि तिलक वर्मा आखिर बल्लेबाजी कहां करेंगे?

तिलक वर्मा के टी20 करियर में पिछले कुछ महीनों में काफी उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में तिलक नंबर 3 पर खेल रहे थे, लेकिन सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद संजू सैमसन को ओपनिंग में भेजा गया था और तिलक को लोअर ऑर्डर में खिसका दिया गया था. वहीं, अब टॉप और मिडिल ऑर्डर में जबरदस्त ट्रैफिक हो गया है. हालांकि, पिछली कुछ सीरीज में वो 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आए हैं, ऐसे में इस सीरीज में भी वो 5वें नंबर की पोजिशन पर ही नजर आ सकते हैं.

डिविलियर्स ने पूछा तीखा सवाल

साउथ अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भी तिलक वर्मा की बैटिंग पोजिशन को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. अपने यूट्यूब चैनल पर भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज का बात करते हुए एबी डिविलियर्स ने टीम इंडिया की बैटिंग लाइन-अप पर बात रखी. डिविलियर्स ने कहा, ‘बल्लेबाजों के चयन को लेकर कुछ दिक्कतें जरूर होंगी. जाहिर है, श्रेयस कप्तान हैं, ईशान किशन, सैमसन, सूर्यवंशी हैं और फिर तिलक वर्मा भी हैं, मुझे लगता है कि यहीं संतुलन बनाना थोड़ा मुश्किल है. वो किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे?’

टी20 फॉर्म पर सवालों के बीच अच्छी बात यह है कि तिलक वर्मा हाल ही में दलीप ट्रॉफी 2026 में प्रचंड फॉर्म में दिखे हैं. साउथ जोन की कप्तानी करते हुए उन्होंने नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 116 और नाबाद 51 रनों की मैच विनिंग पारियां खेली थीं. इसके बाद ईस्ट जोन के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने शानदार लय जारी रखी, हालांकि वो 99 रन पर आउट होकर शतक से एक रन से चूक गए थे. अब तिलक इस फॉर्म को अफगानिस्तान के खिलाफ व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में तब्दील करने उतरेंगे.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button