हरियाणा के पूर्व मंत्री के बेटे ने रोपड़ फार्म हाउस पर की खुदकुशी, खुद को मारी गोली

Published on 11 सित॰ 2026

हरियाणा के पूर्व मंत्री के बेटे ने रोपड़ फार्म हाउस पर की खुदकुशी, खुद को मारी गोली

गगनजोत ने फार्म हाउस पर की खुदकुशी.

Ropar News: हरियाणा के पूर्व मंत्री स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू ने शुक्रवार को पंजाब के रोपड़ जिले में अपने फार्म हाउस पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गगनजोत की उम्र 48 साल थी. घटना के वक्त वह फार्म हाउस पर अकेले थे. वह शुक्रवार सुबह ही रोपड़ पहुंचे थे. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

पंजाब के रोपड़ में फार्म हाउस पर उठाया कदम

गगनजोत संधू का फार्म हाउस रोपड़ जिले के पखराली गांव में स्थित ककोट फार्म हाउस में है. शुक्रवार को वह सुबह यहां पहुंचे थे. कुछ समय बाद उन्होंने खुद को गोली मार ली. घटना के समय फार्म हाउस पर उनके अलावा कोई और मौजूद नहीं था. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर मर्डर केस में नया ट्विस्ट पिंडा ने उगले ऐसे राज, सुनकर सन्न रह गई चंडीगढ़ पुलिस

गुमथला गढ़ू गांव के 2 बार सरपंच रहे गगनजोत

गगनजोत संधू कुरुक्षेत्र के गुमथला गढ़ू गांव की राजनीति में भी सक्रिय रहे थे. वह गांव के दो बार सरपंच रह चुके थे. गांव में सरपंच रहते हुए उन्होंने स्थानीय स्तर पर काम किया. उनके परिवार की इलाके की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका रही है. गगनजोत के पिता जसविंदर सिंह संधू भी हरियाणा की राजनीति में बड़ा नाम थे. वह पिहोवा विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने गए थे.

ओम प्रकाश चौटाला सरकार में रहे कृषि मंत्री

जसविंदर सिंह संधू को पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की सरकार में कृषि मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी. उन्होंने प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण पद संभाला था. संधू परिवार का हरियाणा की राजनीति में खास प्रभाव रहा है. जसविंदर सिंह संधू का साल 2019 में निधन हो गया था. वह लंबे समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे. उनके निधन के बाद भी परिवार का राजनीतिक और सामाजिक जुड़ाव क्षेत्र में बना रहा.

आत्महत्या की वजह की जांच में जुटी पुलिस

गगनजोत संधू ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है. फार्म हाउस पर घटना के वक्त उनके अकेले होने की बात सामने आई है. गगनजोत संधू के इस कदम से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है. पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आत्महत्या की वजह का पता चल सकेगा.

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button