हेमा से पहले धर्मेंद्र के जीवन में थी ये ‘पाकिस्तानी लड़की’, बंटवारे ने तोड़ा दिल

Published on 13 सित॰ 2026

हेमा से पहले धर्मेंद्र के जीवन में थी ये ‘पाकिस्तानी लड़की’, बंटवारे ने तोड़ा दिल

Sep 13, 2026 01:57 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Dharmendra First Love: धर्मेंद्र का नाम प्रकाश कौर और हेमा मालिनी के अलावा मीना कुमारी से भी जोड़ा गया है, लेकिन इसके पहले भी एक लड़की थी जिससे उन्हें प्यार हुआ था।

Dharmendra First Love

धर्मेंद्र का पहला प्यार उन्हें छोड़कर पाकिस्तान चला गया था।

बॉलीवुड के दिवंगत लीजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र अपनी ऑन स्क्रीन लाइफ के साथ-साथ अपनी ऑफ स्क्रीन जर्नी को लेकर भी काफी चर्चा में रहे हैं। धर्मेंद्र की निजी जिंदगी के बारे में उनके फैंस अच्छी तरह जानते हैं। धर्मेंद्र ने 2 शादियां की थीं और दोनों के साथ अपने रिश्ते को बखूबी निभाया। हेमा मालिनी को धर्मेंद्र का सच्चा प्यार माना जाता है, लेकिन क्या आपको पता है कि हेमा मालिनी से पहले धर्मेंद्र किसी और पर दिल हार बैठे थे। जी नहीं, हम प्रकाश कौर की बात नहीं कर रहे हैं। ना ही फिल्म इंडस्ट्री की कोई और नामचीन हसीना। यह कहानी थोड़ी अलग है। तो चलिए जानते हैं धर्मेंद्र के उस पहले प्यार के बारे में, जो अधूरा रह गया।

सलमान के शो पर सुनाया था किस्सा

धर्मेंद्र की दोनों पत्नियों (प्रकाश कौर और हेमा मालिनी) के बारे में तो लोग जानते हैं। हेमा मालिनी से पहले साल 1960 के दशक में धर्मेंद्र का नाम मशहूर अभिनेत्री मीना कुमारी के साथ भी काफी जोड़ा गया था। लेकिन इस सबके अलावा आज हम आपको बॉलीवुड के हीमैन की एक और कहानी सुनाएंगे। धर्मेंद्र जब सलमान खान के शो 'दस का दम' पर अपने बेटों बॉबी देओल और सनी देओल के साथ आए थे। तब यहां पर उन्होंने अपने स्कूल के दिनों के प्यार के बारे में बताया था। वह मासूम प्यार जो अधूरा रह गया, लेकिन आज भी उनके दिल के किसी कोने में जिंदा है।

स्कूल में पसंद आ गई थी यह लड़की

धर्मेंद्र ने शो पर बताया था कि उनके स्कूल के दिनों में एक लड़की थी, जिसका नाम था हामिदा। यह लड़की और कोई नहीं, उनके स्कूल टीचर की बेटी थी। धर्मेंद्र की यह याद उनके स्कूल के दिनों की है, उस दौर के पंजाब की जब देश का बंटवारा नहीं हुआ था। कई दशकों के बाद अपने उस अनुभव को याद करते हुए धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपने उन इमोशन्स को एक कविता की शक्ल दी थी। धर्मेंद्र का 1947 से पहले का शुरुआती वक्त पंजाब के एक गांव में बीता था। जब वह क्लास 6 में थे, तब उनके दिल में हामिदा के लिए फीलिंग्स जागने लगीं।

उम्र में धर्मेंद्र से बड़ी थीं हामिदा

धर्मेंद्र ने बताया कि हामिदा उम्र में उनसे बड़ी थी और 8वीं क्लास में पढ़ती थी। उन्होंने तब अपने दिल की बात दिल में ही दबाए रखी, क्योंकि वह किसी भी लड़की को अप्रोच करने के मामले में तब बहुत शर्माया करते थे। धर्मेंद्र ने सलमान खान के शो में बताया कि कैसे वह हामिदा के साथ बैठने के बारे में सोचते थे और चुपचाप उसे देखा करते थे। हालांकि धर्मेंद्र की यह लव स्टोरी अधूरी ही रह गई, क्योंकि बाद में भारत और पाकिस्तान का बंटवारा हो गया और हामिदा पाकिस्तान चली गईं। उनके जाने को लेकर धर्मेंद्र बहुत मायूस थे, तब हामिदा ने उनके पास आकर कहा- उदास मत हो धरम। अभी वक्त है, इम्तिहान में सब ठीक हो जाएगा।

बॉलीवुड के हीमैन की पहली शादी

धर्मेंद्र की पहली शादी साल 1954 में हुई थी, जब वह सिर्फ 19 साल के थे और उन्होंने फिल्मों में कदम भी नहीं रखा था। यह एक अरेंज मैरिज थी जो कि पारिवारिक सहमति से हुई थी। जब धर्मेंद्र इसके बाद फिल्मों में स्ट्रगल करने मुंबई आए, तब प्रकाश कौर ने पंजाब में रहकर पूरे परिवार को संभाला। प्रकाश से धर्मेंद्र के 4 बच्चे हैं, सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजीता। इसके बाद साल 1970 के दशक में फिल्मों में काम करने के दौरान धर्मेंद्र और बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी एक-दूसरे के करीब आए।

हेमा के साथ यूं आगे बढ़ी लव स्टोरी

हेमा मालिनी के साथ जब धर्मेंद्र की लव स्टोरी आगे बढ़ी तो दोनों ने शादी करने का फैसला किया। लेकिन क्योंकि हिंदू धर्म में 2 शादियों की अनुमति नहीं है, तो ऐसे में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने इस्लाम कुबूल किया और काफी उतार चढ़ाव के बाद दोनों की शादी हो गई। हालांकि धर्मेंद्र ने दूसरी शादी के बाद अपने पहले परिवार को उनके हाल पर नहीं छोड़ दिया। उन्होंने अपनी पहली पत्नी और बच्चों की अच्छी तरह देखरेख की और प्रकाश कौर भी हमेशा धर्मेंद्र के सपोर्ट में ही खड़ी रहीं। हेमा मालिनी से धर्मेंद्र की 2 बेटियां हैं, जिनके नाम ईशा देओल और अहाना देओल हैं।