नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत, घर के बाथरूम के पीछे मिला शव; शरीर पर चोट के निशान

Published on 24 सित॰ 2026

Telangana Nursing Student Found Dead: तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के जुलूरपाडु मंडल में 18 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. छात्रा का शव उसके घर के परिसर में बाथरूम के पीछे मिला. उसके शरीर और गर्दन पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने मौत को लेकर कई सवाल उठाए हैं. मृतका की पहचान इंद्रवेल्ली हरिणी (18) के रूप में हुई है.

वह खम्मम के एक निजी कॉलेज में बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्रा थी. हरिणी वेंगन्नापालेम गांव की रहने वाली थी. जानकारी के मुताबिक, हरिणी कुछ दिन पहले छुट्टियों के दौरान कोठागुडेम स्थित अपनी मौसी के घर गई थी और मंगलवार को ही अपनी मां के पास वापस लौटी थी. बुधवार को वह घर में अकेली थी, जब उसकी मां किसी रिश्तेदार के घर गई हुई थी.

शव घर के बाथरूम के पीछे पड़ा मिला

घर लौटने पर मां को हरिणी दिखाई नहीं दी. तलाश करने पर उसका शव घर के बाथरूम के पीछे पड़ा मिला. परिजनों के अनुसार, हरिणी के शरीर और गर्दन पर चोट के निशान थे और उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त हालत में मिले. इन परिस्थितियों के चलते परिवार ने मौत पर संदेह जताया है. हरिणी के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. उसकी मां मजदूरी कर अपनी दोनों बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठा रही थी.

पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की

सूचना मिलने पर जुलूरपाडु सीआई श्रीलक्ष्मी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने क्लूज टीम की मदद से घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोठागुडेम के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रा की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना के कारण हुई. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: झारखंड: सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडे की बेटी का निधन, CM हेमंत ने जताया दुख

नूर मोहम्‍मद शेख

नूर मोहम्‍मद शेख

हैदराबाद की हर छोटी से बड़ी खबरों पर पैनी नजर और सनसनीखेज घटनाओं को जल्‍द से जल्‍द दर्शकों तक पहुंचाने की कला शेख नूर मोहम्‍मद को बखूबी आती है. आजतक और एनडीटीवी जैसे राष्‍ट्रीय चैनल में काम करने के बाद साल 2007 से Tv9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हैं. TV9 तेलुगु में विभिन्न पदों पर रिपोर्टर के रूप में काम करते हुए साल 2016 में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में पदोन्नत हुए, तब से दक्षिणी राज्यों के लिए TV9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है.

Read More

google button