सोनभद्र में वृद्धाश्रम में लगा स्वास्थ्य शिविर: अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों की हुई निःशुल्क जांच - Sonbhadra News

Published on 1 अक्टू॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Sonbhadra
  • International Elderly Day Sonbhadra | Minister Sanjeev Gaud Health Camp

सोनभद्र में वृद्धाश्रम में लगा स्वास्थ्य शिविर:अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों की हुई निःशुल्क जांच

मनोज कुमार वर्मा | सोनभद्र8 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सोनभद्र के अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नेशनल प्रोग्राम फॉर हेल्थ केयर एल्डर्ली (NPHCE) के तहत गुरुवार को वृद्धाश्रम छपका, राबर्ट्सगंज में वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ ने पहुंचकर वृद्धजनों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को फल एवं मिष्ठान भी वितरित किया।

शिविर का आयोजन अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. बुलाब शंकर की अध्यक्षता में हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज और नेत्र संबंधी जांच के साथ आवश्यक उपचार, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। बड़ी संख्या में वृद्धजनों और अन्य लोगों ने शिविर में भाग लिया।

जनरल फिजिशियन डॉ. गणेश प्रसाद ने वृद्धजनों को हाइपरटेंशन और डायबिटीज के कारण, बचाव के उपाय तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग अनावश्यक चिंता से बचें। बीपी और शुगर की समस्या होने पर नियमित जांच कराएं और चिकित्सक के परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करते रहें।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बुलाब शंकर ने बताया कि शासन की ओर से वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एनपीएचसीई कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य इकाइयों पर बुजुर्गों को निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा दी जाती है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में बुजुर्गों के लिए जिरियाट्रिक वार्ड की सुविधा भी उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि एनसीडी कार्यक्रम के तहत जिला संयुक्त चिकित्सालय (मेडिकल कॉलेज), लोढ़ी में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज की जांच की जाती है।

शिविर में डॉ. अभिषेक पाण्डेय, डॉ. राजकुमार, फार्मासिस्ट सुष्मा सिंह, फिजियोथेरेपिस्ट करिश्मा एवं नितेश साहू, स्टाफ नर्स श्वेता सिंह, सपना कन्नौजिया, महेन्द्र साहू, काउंसलर अवनीश मिश्रा, फाइनेंस कम लॉजिस्टिक कंसल्टेंट राहुल कुमार कन्नौजिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने सेवाएं प्रदान कीं।

.