ईदगाह जाते हैं, धर्म संसद में भी आएं… अखिलेश यादव को बुलाने के लिए लखनऊ में लगाए गए पोस्टर
लखनऊ में विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा मथुरा कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए धर्म संसद का आयोजन किया जा रहा है. इसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी खुला निमंत्रण दिया गया है.

अखिलेश यादव
Share
4 मुख्य बातें
- अखिलेश यादव को धर्म संसद का खुला न्योता
- लखनऊ में जगह-जगह लगाए गए पोस्टर
- मथुरा में कृष्ण मंदिर निर्माण मुख्य एजेंडा
- 21 देशों के संत-विद्वान होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश में कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर हिन्दू संगठन द्वारा रविवार (4 अक्टूबर) को राजधानी लखनऊ में धर्म संसद का आयोजन किया जा रहा है. खास बात ये है कि इस आयोजन में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी निमंत्रण दिया गया है. अखिलेश को पोस्टर्स के जरिए खुला निमंत्रण दिया गया है और उनसे इस आयोजन में शामिल होने के लिए अपील की गई है.
विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) की तरफ से अखिलेश यादव को शहर भर में बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगाकर धर्म संसद में आने का खुला निमंत्रण दिया गया है. शहर के अलग-अलग चौराहों पर अखिलेश को आमंत्रण के पोस्टर्स लगाए गए हैं. इसके साथ ही अखिलेश के आवास के पास भी आमंत्रण के पोस्टर्स लगाए गए हैं. 1090 चौराहे और अंबेडकर चौराहे पर भी पोस्टर्स लगाए गए हैं.
पोस्टर के जरिए अखिलेश पर तंज
बताया जा रहा है कि ये पोस्टर VHRP महिला विंग अध्यक्ष प्रियंका ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष बादल यादव ने लगाए हैं. इन पर लिखी गई पंक्तियों ने सूबे का सियासी पारा चढ़ा दिया है. इस पोस्टर में लिखे संदेश से अखिलेश पर राजनीतिक तंज भी कसा गया है.
‘ईदगाह जाते हैं तो धर्म संसद में भी आएं’
पोस्टर में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा है आदरणीय अखिलेश यादव, हमारे आराध्य कृष्ण भगवान के मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के लिए लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय धर्म संसद होने जा रहा है. पोस्टर में आगे लिखा है कि उम्मीद है कि आप ईद में जिस तरह मुस्लिम वोट के लिए ईदगाह जाते हैं, उसी तरह आप धर्म संसद में आकर विदेशी आक्रांताओं की निशानी मिटाने और मंदिर बनाने का पक्ष लेकर हम सनातनियों का भी साथ देंगे.
‘अब केवल मथुरा ही बाकी है…’
पोस्टर में एक स्लोगन में लिखा- अयोध्या, काशी तो बस झांकी है, अब केवल मथुरा ही बाकी है. इसके साथ ही पोस्टर में भगवान श्रीकृष्ण की सुदर्शन चक्र लिए युद्ध करते हुए तस्वीर भी लगाई गई.
रविवार को लखनऊ में आयोजन
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के मुताबिक इस अंतरराष्ट्रीय धर्म संसद में 21 देशों से सनातन धर्म से जुड़े संत, विद्वान और प्रतिनिधि शामिल होंगे. कार्यक्रम 4 अक्टूबर 2026 (रविवार) को सुबह 09:00 बजे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित होगा. इस धर्म संसद का मुख्य एजेंडा मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर से शाही ईदगाह को हटाकर वहां भव्य कृष्ण मंदिर का निर्माण कराना है.
फिलहाल समाजवादी पार्टी की तरफ से इस निमंत्रण और पोस्टरों को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है. लेकिन इस खुले निमंत्रण को सपा प्रमुख की घेराबंदी के रूप में देखा जा रहा है.

अभिजीत ठाकुर
अभिजीत ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. 2014 में पत्रकारिता की शुरुआत Zee Media से हुई. दिल्ली में रिपोर्टिंग की. 2018 में ETV भारत के नेशनल ब्यूरो में बतौर रिपोर्टर जॉइन किया. इस दौरान संघ (RSS-VHP), शिक्षा, कृषि, पर्यटन के साथ किसान और मजदूरों के मुद्दों पर रिपोर्टिंग की. 2022 में TV9 भारतवर्ष जॉइन किया और दिल्ली ब्यूरो का हिस्सा रहे. इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान,महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में कई बड़ी खबरों और इवेंट्स कवर करने का अवसर मिला. 2025 में लखनऊ ब्यूरो की जिम्मेदारी के साथ दिल्ली से लखनऊ भेजा गया. 17 साल दिल्ली में रहने के बाद अब कर्मस्थली यूपी की राजधानी है. अब उत्तर प्रदेश की राजनीति, सरकार और जनता से जुड़े मुद्दों की रिपोर्ट जनता तक पहुंचाते हैं.
Read More
Follow Us