कौन थे मैड संधू? सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जिनकी गोली मारकर हुई हत्या, बिग बॉस में होनी थी एंट्री

Published on 5 अक्टू॰ 2026

कौन थे मैड संधू? सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जिनकी गोली मारकर हुई हत्या, बिग बॉस में होनी थी एंट्री

Published: Monday, October 5, 2026, 15:16 [IST]

Who Was Mad Sandhu: अमृतसर के मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की शनिवार, 3 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई। विदेश में बैठे गोल्डी ढिल्लों और एक अन्य लक्की जोहल स्पेनने हत्या की जिम्मेदारी ली। मौके-ए-वारदात पर पहुंचकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मैड संधू की मौत की खबर सामने आने के बाद फैंस और उन्हें जानने वाले लोग काफी सदमे में हैं। मैड संधू ने मेकअप के साथ-साथ फैशन, लाइफस्टाइल और सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। वह सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहते थे और अपने काम व कंटेंट से लोगों से जुड़े हुए थे। ऐसे में, उनकी हत्या की खबर के बाद हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है कि मैड संधू कौन थे और वह किन-किन कामों के लिए जाने जाते थे।

Mad Sandhu
फोटो क्रेडिट: इंस्टाग्राम

गोली मार कर की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम अमृतसर के लोहारा रोड पर मैड संधू पर हमला हुआ था। गोली लगने के बाद वह सड़क पर घायल अवस्था में मिले। लोगों की मदद से उन्हें एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें मैड संधू घायल हालत में सड़क पर दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि हमला किसने किया था और इसके पीछे क्या वजह थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

मैड संधू का अंतिम संस्कार रविवार शाम गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां साहिब के पास स्थित श्मशानघाट में किया गया। इस दौरान परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। परिजनों के अनुसार, मैड को तीन गोलियां लगी थीं। इनमें से दो गोलियां शरीर को चीरते हुए निकल गईं, जबकि एक गोली उनके शरीर में ही फंसी रह गई।

कौन थे मैड संधू?

मैड संधू का पूरा नाम मधुसूदन संधू बताया जाता है। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी पकड़ थी और इंस्टाग्राम पर करीब 2.26 लाख लोग उन्हें फॉलो करते थे। इंस्टाग्राम के अलावा वह यूट्यूब पर भी व्लॉग और शॉर्ट वीडियो बनाकर शेयर करते थे। कई पॉडकास्ट का भी वह हिस्सा बने, जहां मेकअप और फिल्मी दुनिया के अलावा जेंडर और समाज से जुड़े विषयों पर उन्होंने अपनी राय रखी।

फैशन से शुरू हुआ था करियर

मैड संधू की शुरुआत फैशन इंडस्ट्री से हुई थी। पंजाब और मुंबई में उन्होंने स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर काम किया। बाद में उनका काम मेकअप तक पहुंचा और उन्होंने मॉडलिंग, एक्टिंग के साथ डिजिटल कंटेंट में भी हाथ आजमाया। काम को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अमृतसर में 'मेन लेन यूनिसेक्स सैलून' शुरू किया। उनकी पहचान सिर्फ मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर नहीं रही। सोशल मीडिया पर उनके कपड़े पहनने का अंदाज, लुक और लाइफस्टाइल भी लोगों का ध्यान खींचते थे। इसके अलावा वह समाज और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखते थे। पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में भी मैड संधू काम कर चुके थे। वह 'ओए भोले ओए' जैसी पंजाबी फिल्म का हिस्सा रहे। बाद के समय में सोशल मीडिया उनके काम और खुद को लोगों तक पहुंचाने का अहम जरिया बन गया।

LGBTQ+ से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर बोलते थे

मैड संधू ने सार्वजनिक तौर पर अपनी पहचान गे के रूप में रखी थी। वह LGBTQ+ समुदाय से जुड़े विषयों पर सोशल मीडिया और दूसरे मंचों पर अपनी बात साझा करते थे। अपने बेबाक अंदाज की वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर विरोध और ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा। उनके पहनावे, लुक और लाइफस्टाइल को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती थीं।

बिग बॉस में होनी थी एंट्री

परिवार के एक करीबी दोस्त ने बताया कि मैड संधू की आने वाले दिनों में बिग बॉस में एंट्री होने वाली थी। इसे लेकर शो मेकर्स से बातचीत भी हो चुकी थी। दावा किया जा रहा है कि मैड को 29 अक्टूबर को वहां पहुंचना था और फिर शो करना था।

Story first published: Monday, October 5, 2026, 15:16 [IST]