
मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी
Faridabad Crime: हरियाणा के फरीदाबाद से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां सेक्टर-56 में खेलने के दौरान धक्का देने को लेकर हुए झगड़े में 15 साल के लड़के ने एक 13 साल के बच्चे की छाती में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग आरोपी मौके से चाकू लेकर फरार हो गया. परिजन घायल हालात में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषत कर दिया.
मृतक बच्चे की पहचान 13 साल के कन्नू के रूप में की गई है.सेक्टर-58 थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक के चाचा इकबाल ने बताया कि कन्नू एक निजी स्कूल में तीसरी क्लास में पढ़ता था. रविवार की शाम को करीब 7 बजे वह ब्लाक नंबर 14 में घर के बाहर अपनी 1 साल की बहन चाहत को खिला रहा था. तभी ब्लाक 13 में रहने वाला किशोर (15) वहां पर आया और दोनों मिलकर वहीं पर खेलने लगे.
मृतक के चाचा ने क्या कहा?
मृतक के चाचा इकबाल के मुताबिक, दोनों के बीच खलने के दौरान,धक्का-मुक्की हो गई, जिसके चलते आरोपी ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया. आरोपी भी तीसरी क्लास का छात्र है और अक्सर वहां पर खेलने के लिए आ जाया करता था. मृतक कन्नू के पिता यामिल मूल रूप से अलीगढ़ यूपी के रहने वाले हैं. वो काफी लंबे समय से फरीदाबाद में रह रहे हैं.
यामिन यहां पर कबाड़ की फेरी लगाते है और करीब 5 साल पहले सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट में रहने आए थे. उनके सबसे बड़े बेटे का नाम आमिर है, जिसकी दीवाली के बाद शादी होनी है. मृतक कन्नू से छोटी एक साल की उसकी बहन है. इकाबल के मुताबिक, पड़ोसियों ने फोन करके उनको पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद वह 7 नंबर ब्लाक से घर पहुंचे और कन्नू को घायल हालात में फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल लेकर गए.
आरोपी नाबालिग और उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज
अस्पताल कन्नू को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं इस मामले में पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी नाबालिग और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें गत रात एक बच्चे को नाबालिग द्वारा कहासुनी होने पर चाकू मारे जाने की सूचना मिली. अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई. ये गंभीर मामला है.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि माता-पिता को यह ध्यान रखना चाहिए कि बच्चे की परवरिश कैसी हो रही है. वह किस मानसिकता की ओर जा रहा है. बच्चा क्या गेम खेल रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह की वारदात बेहद ही चिंता का विषय है. इस मामले में जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: लॉरेंस-गोदारा गैंग के नाम पर BJP नेता से मांगी 5 करोड़ की फिरौती, आरोपी गिरफ्तार

सुनील चौधरी
खोजी पत्रकारिता करने और घूमने का शौक. पत्रकारिता में 15 साल से ज्यादा का अनुभव.
Read More