Shardiya Navratri 2026 Colors Day Wise List: नवरात्रि के नौ दिन पहनें 9 अलग रंग, जानें 11 से 19 अक्टूबर तक किस दिन कौन से कपड़े पहनना है शुभ

Published on 10 अक्टू॰ 2026

Shardiya Navratri 2026 Colors Day Wise List: नवरात्रि आते ही घरों में पूजा-पाठ की तैयारी शुरू हो जाती है. कोई मां दुर्गा की चौकी सजाता है, तो कोई व्रत रखने और मंदिर जाने की तैयारी करता है. शारदीय नवरात्रि 2026 का पावन पर्व 11 अक्टूबर, रविवार से शुरू हो रहा है. ये नौ दिवसीय त्योहार 19 अक्टूबर, सोमवार को समाप्त होगा. नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां दुर्गा के ये नौ रूप शक्ति, साहस, सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं. यही वजह है कि इन नौ दिनों में भक्त माता की कृपा पाने के लिए व्रत रखते हैं, मंत्रों का जाप करते हैं और भजन-कीर्तन के साथ उनकी आराधना करते हैं.

नवरात्रि में पूजा-पाठ के अलावा कपड़ों के रंगों का भी खास महत्व माना जाता है. कई जगहों पर नौ दिनों तक हर दिन एक खास रंग के कपड़े पहनने की परंपरा है. मान्यता है कि हर रंग का अपना अलग महत्व होता है और इसे मां दुर्गा के नौ स्वरूपों से जोड़कर देखा जाता है. ऐसे में अगर आप भी इस नवरात्रि रोजाना के पहनावे में भक्ति के रंग शामिल करना चाहती हैं, तो पहले ही जान लें कि नौ दिनों में किस दिन कौन सा रंग पहनना शुभ माना जाता है. आइए जानते हैं शारदीय नवरात्रि 2026 के नौ दिनों के रंगों की पूरी लिस्ट.

नवरात्रि में नौ रंग पहनने की क्या है परंपरा?
शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है. इन नौ दिनों में भक्त माता की आराधना करते हैं और व्रत रखते हैं. कई जगहों पर नवरात्रि के हर दिन के लिए एक खास रंग पहनने की परंपरा भी है. इन रंगों को खुशी, शांति, शक्ति और सकारात्मकता जैसे भावों से जोड़कर देखा जाता है.

शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों में पहनें नौ रंग, जानें किस दिन कौन सा रंग है शुभ

11 अक्टूबर 2026, रविवार, शारदीय नवरात्रि पहला दिन: पीला रंग (Navratri First Day Color-Yellow)

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है. मां शैलपुत्री को शक्ति और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है. इस दिन पीले रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. आप पीले रंग का सूट, साड़ी या कुर्ती पहनकर पूजा के लिए तैयार हो सकते हैं.

सम्बंधित ख़बरें

12 अक्टूबर 2026, सोमवार, शारदीय नवरात्रि दूसरा दिन: हरा रंग (Navratri Second Day Color-Green)

शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की जाती है. मां ब्रह्मचारिणी को तप, संयम और दृढ़ संकल्प का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि उनकी पूजा करने से जीवन में सफलता और तरक्की का मार्ग खुलता है. इस दिन हरे रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है.

13 अक्टूबर 2026, मंगलवार, शारदीय नवरात्रि तीसरा दिन: ग्रे/भूरा रंग (Navratri Third Day Color-Grey/Brown)

शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की आराधना की जाती है. मां चंद्रघंटा को साहस, शांति और शक्ति का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि उनकी पूजा करने से जीवन में सुख-शांति और खुशहाली आती है. इस दिन ग्रे यानी स्लेटी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है.

14 अक्टूबर 2026, बुधवार, शारदीय नवरात्रि चौथा दिन: नारंगी रंग (Navratri Fourth Day Color- Orange)

शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा की जाती है. मान्यता है कि मां कूष्मांडा अपने भक्तों के जीवन से दुख और नकारात्मकता दूर कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं. इस दिन नारंगी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. ये रंग उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है.

15 अक्टूबर 2026, गुरुवार, शारदीय नवरात्रि पांचवां दिन: सफेद रंग (Navratri Fifth Day Color- White)

शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की आराधना की जाती है. मां स्कंदमाता को प्रेम, ममता और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है. इस दिन सफेद रंग के कपड़े पहनना अच्छा माना जाता है. सफेद रंग शांति और पवित्रता से जुड़ा है.

16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार, शारदीय नवरात्रि छठा दिन: लाल रंग (Navratri Sixth Day Color- Red)

शारदीय नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है. मां कात्यायनी को साहस और शक्ति का प्रतीक माना जाता है. इस दिन हरे रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. हरा रंग हरियाली, विकास और नई ऊर्जा का प्रतीक है.

17 अक्टूबर 2026, शनिवार, शारदीय नवरात्रि सातवां दिन: नीला रंग (Navratri Seventh Day Color- Red)

शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है. मां कालरात्रि को बुराई और नकारात्मक शक्तियों का नाश करने वाली देवी माना जाता है. इस दिन नीले रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है.

18 अक्टूबर 2026, रविवार, शारदीय नवरात्रि आठवां दिन: गुलाबी रंग (Navratri Eight Day Color- Pink)

शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा होती है. मां महागौरी को शांति, पवित्रता और सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है. इस दिन गुलाबी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. गुलाबी रंग आपके पहनावे को खूबसूरत और आकर्षक बना सकता है.  

19 अक्टूबर 2026, सोमवार, शारदीय नवरात्रि नौवां दिन: बैंगनी रंग (Navratri Ninth Day Color- Purple)

शारदीय नवरात्रि के आखिरी दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है. मां सिद्धिदात्री को सिद्धि, ज्ञान और समृद्धि प्रदान करने वाली देवी माना जाता है. इस दिन बैंगनी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है.  

---- समाप्त ----