यात्री के पावर बैंक में लगी आग... दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

Published on 11 अक्टू॰ 2026

यात्री के पावर बैंक में लगी आग… दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

इंडिगो फ्लाइटImage Credit source: TV9

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट (6E-6115) को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई और उससे धुआं निकलने लगा. आग सामान रखने वाली ऊपर की जगह (ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट) में लगी थी. केबिन क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करके आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया. सुरक्षा के लिहाज से फ्लाइट का रास्ता बदलकर उसे हैदराबाद एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां वह सुरक्षित उतर गई. सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

वहीं, इस दौरान एक यात्री ने अपने मोबाइल फोन पर इस घटना का वीडियो बनाया है. अब सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ यात्री अपने बैग का इस्तेमाल करके आग बुझाने की कोशिश करते हुए दिख रहे हैं. इस घटना को लेकर इंडिगो ने बयान जारी किया है.

इंडिगो ने बताया कि 11 अक्टूबर, 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6E6115 में एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा. केबिन क्रू ने स्थिति को काबू में करने के लिए तुरंत कदम उठाए. सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार, पायलटों ने विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ने का फैसला किया, जहां यह सुरक्षित रूप से उतरा.

केबिन क्रू मेंबर ने पाया काबू

इंडिगो की फ्लाइट 6E6115 को एयरबस A321-251N विमान से ऑपरेट किया जा रहा था. फ्लाइट को दिल्ली से दोपहर 1:10 बजे निकलना था, लेकिन यह 1:30 बजे रवाना हुई. इसे शाम 4:00 बजे चेन्नई पहुंचना था. हालांकि, केबिन के अंदर धुआं दिखने के बाद फ्लाइट का रूट बदल दिया गया. एयरलाइन के अनुसार, केबिन क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करके आग पर काबू पा लिया.

दूसरे विमान से यात्रियों को भेजा

घटना के बाद, यात्रियों को चेन्नई ले जाने के लिए एक दूसरे विमान का इंतजाम किया गया. इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है. एयरलाइन ने कहा कि असुविधा को कम करने की कोशिश की जा रही है, जिसमें रिफ्रेशमेंट देना और यात्रियों को अपडेट रखना शामिल है. कंपनी ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

मोहम्मद जुनेद अख्तर

मोहम्मद जुनेद अख्तर

मोहम्मद जुनेद अख्तर करीब 12 साल से मीडिया में काम कर रहे हैं. करियर की शुरुआत साल 2013 में 'अमर उजाला' गाजियाबाद से की थी. यहां इन्होंने करीब एक साल तक रेलवे, कलेक्ट्रेट और आरडब्ल्यूए जैसी बीट पर काम किया. फरवरी 2014 में नवोदय टाइम्स अखबार से जुड़ गए और गाजियाबाद में ही रेलवे, स्पोर्ट्स और एजुकेशन की बीट कवर की. करीब एक साल बाद 2015 में गाजियाबाद से दिल्ली ट्रांसफर हो गया. दिल्ली में अल्पसंख्यकों के मुद्दों के साथ जंतर-मंतर पर कई बड़े धरने-प्रदर्शन कवर किए. अगस्त 2016 में दिल्ली से नोएडा ट्रांसफर हो गया. नोएडा में क्राइम बीट पर लगातार करीब तीन साल काम किया. इसके बाद 2020 में लॉकडाउन के दौरान क्राइम के अलावा गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण और दूसरी बीट भी कवर करने का मौका मिला. 2024 में ‘उत्तर प्रदेश टाइम्स’ की डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. इस दौरान 'उत्तर प्रदेश टाइम्स' की नोएडा डिजिटल साइट ट्राइसिटी टुडे में भी काम किया. जनवरी 2025 में न्यूज 24 डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. यहां जुनेद अख्तर ने बतौर सब एडिटर काम किया और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर काम किया. सितम्बर 2025 से TV9 भारतवर्ष की वेबसाइट में सीनियर सब एडिटर के तौर पर जुड़े.

Read More

google button