ग्वालियर में महिला को किया हिपनोटाइज, फिर दिया लूट को अंजाम; ठगे पौने तोला सोने के जेवर
विज्ञापन
सार
Gold Theft Gwalior: ग्वालियर के दौलतगंज में बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर उतार लिए सोने के कनफूल, सम्मोहन जैसी ठगी से हड़कंप, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज।

ग्वालियर में महिला को हिप्नोटाइज कर लूटा (सोर्स- एआई जनरेटेड इमेज)
विस्तार
Gwalior Hypnotize Styled Theft: ग्वालियर के दौलतगंज इलाके में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन शातिर बदमाशों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर उनके कानों से करीब पौने तोला (7.5 ग्राम) सोने के कनफूल ठग लिए। आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पूजा का सामान लेने निकली थीं, रास्ते में बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, फरियादिया जमुना देवी पाल (60), पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह पाल, निवासी खुर्जे वाला मोहल्ला, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पूजा के लिए रूई की बत्ती खरीदने छापाखाना क्षेत्र स्थित दुकान गई थीं। सामान लेकर जब वह पैदल घर लौट रही थीं, तभी हनुमान मंदिर के पास एक महिला, एक युवक और एक अन्य पुरुष उनके पीछे-पीछे चलने लगे। तीनों ने सहज अंदाज में बातचीत शुरू की और उनका हालचाल पूछते हुए लगातार साथ चलते रहे।
सम्बंधित ख़बरें
बातों में उलझाकर उतरवा लिए दोनों सोने के कनफूल
पीड़िता ने बताया कि जब वह कृष्णा ज्वेलर्स के सामने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें इस तरह बातचीत में उलझाया कि वह भ्रमित हो गईं। उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो उनका दिमाग सुन्न हो गया हो और वह कुछ समझ नहीं पा रही थीं। इसी दौरान उन्हें पास बनी पटिया पर बैठा दिया गया। महिला आरोपी उनके बगल में बैठ गई, जबकि दोनों पुरुष आसपास खड़े रहे। इसके बाद महिला ने पहले एक कान का सोने का कनफूल उतारा और फिर बातों में उलझाकर दूसरे कान का कनफूल भी निकलवा लिया। उस समय पीड़िता को यह एहसास तक नहीं हुआ कि उनके साथ ठगी की जा रही है।
घर पहुंचने पर हुआ ठगी का एहसास
कुछ देर बाद जब तीनों आरोपी वहां से चले गए और महिला सामान्य स्थिति में आईं, तब उन्हें अपने दोनों कनफूल गायब मिले। घबराई महिला किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद वह अपने नाती देवीनंदन के साथ कोतवाली थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार बदमाश करीब पौने तोला वजन के पुराने सोने के कनफूल लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी विनोद करकरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित ठगी का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि यह गिरोह विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर बातचीत के बहाने उनके जेवरात ठगता है।
यह भी पढ़ें: उज्जैन: चलती मेमू ट्रेन में सीट को लेकर भिड़े दो यात्री, हाथापाई करते-करते दरवाजे से नीचे गिरे- देखें VIDEO
पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि अनजान लोगों की बातों में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
