श्रीनगर, 14 अक्टूबर (भाषा) गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने बुधवार को यहां रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए के अपने पहले मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाफ हार के खतरे को टालते हुए मैच ड्रॉ कराया।
बारिश और खराब रोशनी के कारण चौथे और अंतिम दिन का खेल प्रभावित होने से मध्य प्रदेश जीत की ओर बढ़ते हुए भी मुकाबला अपने नाम नहीं कर सका।
मध्य प्रदेश ने दूसरी पारी छह विकेट पर 249 रन बनाकर घोषित कर दी थी जिससे जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए 326 रन का लक्ष्य मिला।
इसके जवाब में मेजबान टीम का स्कोर सात विकेट पर 88 रन था, तभी खराब मौसम के कारण मैच समाप्त करना पड़ा। जम्मू-कश्मीर की टीम हार के कगार पर थी, लेकिन मौसम ने उसे हार से बचा लिया।
मध्य प्रदेश ने कप्तान शुभम शर्मा (200 गेंद, सात चौके, तीन छक्के) की नाबाद 106 रन की शतकीय पारी से छह विकेट पर 249 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
शर्मा ने अथर्व महाजन के साथ 75 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्हें सारांश जैन का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने केवल 33 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए।
इन दोनों की पारियों से मध्य प्रदेश ने अपनी बढ़त बढ़ाकर जम्मू-कश्मीर के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। महाजन ने 94 गेंदों में 39 रन का योगदान दिया जबकि आर्यन पांडे ने 17 रन बनाए।
जम्मू-कश्मीर की ओर से आकिब नबी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 53 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि सुनील कुमार ने दो विकेट हासिल किए।
जम्मू-कश्मीर के सामने बड़ा लक्ष्य था, लेकिन उसके बल्लेबाज दबाव में बिखर गए और मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाए।
आवेश खान ने शुभम खजूरिया को खाता खोले बिना और कमरान इकबाल को चार रन पर आउट करके शुरुआती झटके दिए।
आर्यन पांडे ने शुभम पुंडीर को चार रन पर पवेलियन भेज दिया जिससे जम्मू-कश्मीर का स्कोर तीन विकेट पर आठ रन हो गया।
इसके बाद आवेश ने अब्दुल समद को बिना खाता खोले आउट किया जबकि पांडे ने कप्तान पारस डोगरा को चार रन पर पवेलियन भेजकर छह ओवर के भीतर जम्मू-कश्मीर का स्कोर पांच विकेट पर 12 रन कर दिया।
कन्हैया वाधवान ने 26 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन चोट के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर लौटना पड़ा।
इसके बाद लोन नासिर 13 रन बनाकर आउट हो गए जिससे जम्मू-कश्मीर का स्कोर छह विकेट पर 51 रन हो गया।
मैच रोके जाने के समय आकिब नबी नाबाद 30 रन बना चुके थे।
आवेश खान ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि पांडे ने 31 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दोनों गेंदबाजों ने मध्य प्रदेश को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था।
इस नतीजे से मध्य प्रदेश एक अहम जीत हासिल करने से चूक गया जबकि जम्मू-कश्मीर को अंतिम पारी में खराब प्रदर्शन के बावजूद हार से बचने पर राहत मिली होगी।
ग्रुप ए के अन्य मुकाबलों में विदर्भ ने नागपुर में पुडुचेरी को 160 रन से हराया जबकि बड़ौदा ने पणजी में गोवा को पारी और 135 रन से शिकस्त दी।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर
Web Title: बारिश और खराब रोशनी ने मध्यप्रदेश को जीत से वंचित किया, गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने ड्रॉ खेला