छात्रा का शव जलाया, हत्यारोपी के घर के सामने हंगामा

Published on 15 अक्टू॰ 2026

Gopalganj Girl Death : गोपालगंज के थावे में लापता युवती का शव मिलने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच में जुट गयी. शव मिलने पर आक्रोशित परिजन और ग्रामीण उसे लेकर हत्या के आरोपित के घर के सामने पहुंच गये. वहां घर के मुख्य गेट की सीढ़ी के पास लकड़ियां सजाकर शव रख दिया गया और आग लगा दी गयी. बताया जाता है कि शव करीब ढाई घंटे तक जलता रहा. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी.

सुबह 7:30 बजे आरोपित के घर पहुंचे परिजन

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गुरुवार की सुबह करीब 5:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया. इसके करीब दो घंटे बाद सुबह 7:30 बजे आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव लेकर हत्या के आरोपित के घर के सामने पहुंच गये. वहां घर के मुख्य गेट के पास शव रखकर आग लगा दी गयी. इस दौरान मौके पर पुलिस बल मौजूद था.

गांव में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति

छात्रा की मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया.

मौके पर सर्किल इंस्पेक्टर धर्मवीर प्रसाद, थानाध्यक्ष विभा कुमारी, उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा, टीओपी प्रभारी धीरज कुमार, सुभाष कुमार, एएसआइ नीरज कुमार पांडेय और मुकेश कुमार समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे.

तस्वीरों से पूरी घटनाक्रम जानने के लिए नीचे दिये गये लिंक पर क्लिक करें

PHOTOS: गोपालगंज में 12 वर्षीय संजना की संदिग्ध मौत, 6 तस्वीरों में जानें पूरा मामला

हत्या की आशंका जता रहे परिजन

छात्रा की मौत के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गयी है. मामले में जांच के निष्कर्ष और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

जानिये...क्या है मामला, साबुन देने के दौरान कैसे लापता हुई

परिजनों ने बताया कि संजना 12 अक्टूबर को बथान में पशुओं को चारा खिलाने गई थी. इसी दौरान पट्टीदार के घर की एक बुजुर्ग महिला ने उसे साबुन पहुंचाने को कहा. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी.

संजना के लापता होने पर उसके चाचा ने थावे थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. खोजबीन के बाद बुधवार को गांव में एक पुराने मकान के पीछे शव मिलने की सूचना सामने आई. शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया. लोगों ने पुलिस का सूचना दी. पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी. संजना के सिर और गले पर गहरे चोट के निशान मिले. लोगों को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

गोपालगंज: थावे में दो दिनों से लापता 7वीं की छात्रा का शव बरामद, पट्टीदारों पर हत्या का आरोप; दो हिरासत में