छतरपुर: पत्नी को बचाने दौड़ा पति, करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत... खेत में काम करते समय हुआ हादसा

Published on 17 अक्टू॰ 2026

छतरपुर: पत्नी को बचाने दौड़ा पति, करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत… खेत में काम करते समय हुआ हादसा

हादसे के बाद सदमे में परिजन

Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में बिजली के करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब दोनों खेत में पशुओं के लिए चारा काट रहे थे. बताया जा रहा है कि खेत में पानी भरा हुआ था और उसके ऊपर से बिजली का तार गुजर रहा था. इसी दौरान पत्नी करंट की चपेट में आ गई. उसे बचाने के लिए पति दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गांव निवासी चंद्रभान विश्वकर्मा के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी के साथ खेत पर चारा काटने गए थे. खेत में पानी भरा हुआ था और ऊपर से बिजली का तार गुजर रहा था. इसी दौरान पत्नी बिजली के करंट की चपेट में आ गई. पत्नी को मुसीबत में देखकर चंद्रभान उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए. देखते ही देखते दोनों की जान चली गई. बताया जा रहा है कि खेत घर से दूर था, जिसके कारण मदद पहुंचने में देर हो गई. जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक दंपती के तीन छोटे बच्चे हैं. इनमें 8 साल की एक बेटी, 6 साल का एक बेटा और 4 साल का सबसे छोटा बेटा शामिल है. माता-पिता की अचानक मौत से तीनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है. इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है. हादसे की खबर गांव में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण भी इस दर्दनाक घटना से सदमे में हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को वाहन के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली के तार की स्थिति क्या थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है. तीन मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर गांव में भी चिंता जताई जा रही है.

पवन बिदुआ

पवन बिदुआ

पवन बिदुआ की पत्रकारिता की यात्रा वर्ष 2018 में छतरपुर के वी न्यूज़ केबल नेटवर्क से शुरू हुई. इसके बाद पवन ने इंडिया न्यूज़ नेशनल और एमपी–सीजी में जिला ब्यूरो के रूप में लगातार जिम्मेदारियां निभाईं. कोविड काल की संवेदनशील और जोखिमपूर्ण रिपोर्टिंग को जमीनी स्तर पर कवर किया. शिक्षा के रूप में पवन बिदुआ ने डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से BJMC और पं. मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय से LLB पूरी की है.

Read More

google button